Tuesday, November 11, 2014

मै बून्द बून्द बढ़ता रहा,
ख्वाहिशों की मटकी सा,
मै बून्द बून्द रिसता भी रहा
तला मटकी का छलकता ही रहा
बून्द बून्द नमी माटी समोती रही
माटी का था, गल कर ही रहा
सफर में जिंदगी की,
कितने मटके मै बदलता ही रहा
सारिका आशुतोष मूंदड़ा

Wednesday, July 16, 2014

स्वागत में तेरे किन शब्दों का चयन करूँ
दमकती दामिनी में ओझल होता चाँद कहूँ
या कि तेरी आहट पर मोर का थाप चुनूं
प्यासी प्रकृति की मुस्कराहट का आगाज सुनूँ
या इंद्रधनुषी छटाओं में कश्तियों के कुछ ख्वाब बुनूँ
सत्कार में तेरे तुझ पर आ,माटी की महक मलूँ
पंख खोल रही घटाओं की धरती तक उड़ान लिखूँ
गहना अम्बर से पाकर वसुधा का श्रृंगार रचूँ
गूंजता है जो जलतरंगों पर,दिल के वो अल्फाज कहूँ
बंधनों में फंसी आत्मा की,मुक्त होती परवाज़ भरूँ
स्वागत में तेरे किन शब्दों का चयन करूँ............

सारिका आशुतोष मूंदड़ा


Tuesday, July 1, 2014

ये पर,ये घर,ये स्पर्श.............

 उड़ाने तो असीम हैं तुम्हारी,
 कहाँ है मगर तुम्हारे पर.............
 क्या झूला बनती शाखाओं में,
 या खुशबुओं के विसरण में,
 या जलधि से जलद के विस्तार तक
 चहुँ दिशा में पसरे हुए
 या कहीं अत्यंत सूक्ष्म से
 श्वास के आवागमन में
 विरले हैं तुम्हारे पर....................
 ढूंढने से भी मिलते नहीं
 आखिर कहाँ है तुम्हारे घर............
 क्या इस मिटटी से पल्लवित जीवन में
 या जल की सहज,निर्बाध गति में,
 या रोशनी संजोये इस नभ में,
 अनंतता दर्शाते हुए,
 या कहीं संकुचित से
 प्राणो के चेतन-अवचेतन में,
 बहुआयामी हैं तुम्हारे घर................
 आभासी है पर दिखते नहीं
 अदृश्य हैं तुम्हारे स्पर्श.........
 कभी रेतीले बादलों में छुपे हुए,
 कभी सर्दी में दांत किटकिटाते हुए
 कभी माटी की सौंधी खुशबू लुटाते हुए
 हर मौसम में विलीन से
 पर मात्र अनुभवशील से,
 जीवन के लय-विलय में,
 निष्ठुर हैं तुम्हारे स्पर्श.............
 कितने विचित्र हैं 'हवा'.............
 ये पर,ये घर,ये स्पर्श.............
 सर्वव्यापक भी, कभी कैदी भी
 अनंत भी कभी शुन्य भी
 सतत विध्यमान पर अदृश्य भी.
 जैसे तुम हो साक्षात ईश्वर ही.............

 सारिका आशुतोष मूंदड़ा

Sunday, May 11, 2014

माँ

माँ
सुर-ताल भी तुम हो
लयबद्ध शब्द भी तुम हो
आधार गीत हो तुम जीवन का
माँ
रूपों और गुणों की खान हो तुम
बच्ची सी चंचल,कभी सहेली सी हमराज
कभी गुरु सी पथ-प्रदर्शक हो तुम
माँ
कुछ भी शब्द लिखूं,कम ही होगा
तेरे प्यार को बयान कर सके कहीं
कोई ऐसा आखिर कहाँ होगा

सारिका आशुतोष मूंदड़ा

Friday, April 18, 2014

यूँ लगता है अब...........














जाने कितने एहसासों में,
खिलता है ये जीवन
इन भावनाओं के पुष्पों में
तुम्हारी सुगंध का ये कैसा रिश्ता है...........
कभी संवरती,कभी बिखरती
इस अविरल यात्रा में,
तुमसे शायद
मुस्कान और दर्द का रिश्ता है
आशा-निराशा के भंवर में,
जब झूलती है नैय्या
तब तुमसे शायद ,
उम्मीद के तिनकों का रिश्ता है
कभी देखा नहीं तुम्हे,
और एक छवि सी उभरी है
मन के नैनों का, तुम पर........
विशवास का ये, कैसा अजब सा रिश्ता है
नक़्शे तो सब अधूरे से,
तुम तक आती राहों के,
यूँ लगता है अब,
हर दिशा का बस तुमसे रिश्ता है

सारिका आशुतोष मूंदड़ा

Saturday, April 5, 2014

जीवन २ .................

असंख्य,अद्वितीय किरदार युक्त कथा
हर शक्ल जुदा,हर शख्सियत जुदा
हर किरदार कथा कहता सा.......
आस्तिक-नास्तिक,संस्कार,विश्वास,
सुख-दुःख,मान-अपमान,
उड़ानों और सीमाओं की
स्वपरिभाषा गढ़ते हुए..................
क्रोध,तृष्णा,जलन पिपासा
दया,क्षमा,मोह ममता
प्यार, नफरत,आशा-निराशा
जाने कितने बंधनों में जकड़े हुए.............
कर्मफल -बीज को अंकुरित करते हुए
प्रति पल कुछ पाते हुए,कुछ खोते हुए
सबकी अपनी यात्रा
अपना-अपना सफ़र,मगर............
मगर,एक ही मंजिल पर बढ़ते हुए
निज अस्तित्व की कहानी रचते हुए
अनुभव-यात्रा समापन कर शुन्य से एकाकार होते हुए
                                             
                                                  [ लगातार ]
सारिका आशुतोष मूंदड़ा

Thursday, April 3, 2014

जीवन.............

दुनिया..........
जिंदगी.........
जीवन................एक सिनेमा
एक या अनेक .............
रोचक या नीरस
कैसी कहानी
या कितनी कहानियाँ लिखी है
कथाकार ने............
और क्या ये  सब मिल कर
कहीं फिर,
निर्मित हो रही एक नयी कहानी
ना उत्पत्ति का पता
न अंत का........
विलीनता भी है आगमन भी
दुःख भी,उल्लास भी
कई रोचक घटनाक्रम भी
सतत प्रवाहमान कथा...............

                         [लगातार ..].
सारिका आशुतोष मूंदड़ा