Friday, September 25, 2020

 यात्राओं व विद्रोह की अॉच का संगम : लीलाधर जगूडी


"स्वाध्यायस्तप :"
अपनेआप  से सीखना सबसे बड़ी तपस्या है , वही मनुष्य कुछ कर सकता है ,जो जीवन भर विद्यार्थी रहे ,संस्कृताचार्य पाणिनी के इसी आधार वाक्य को अपने जीवन, अपनी काव्य रचनाओं का मूल सिद्धांत मानने वाले लीलाधर जगूडी के जीवन मे विद्रोही प्रवृत्ति ने बड़ी भूमिका निभायी ।
        1 जुलाई 1940 को धंगण गाँव टिहरी ,गढवाल मे पहाडी किसान  परिवार मे भविष्य के साहित्यिक जगत के नवांकुर का प्रादुर्भाव  हुआ। समय ने शायद ऐसा ही सफर चुना था इनके लिए ज़िसमे संघर्षों की यात्रायें थी । पांच वर्ष मे माँ को खोया और फिर पारिवारिक परिस्थितियों व विद्रोही स्वभाववश ग्यारह वर्ष में  आपने घर छोड़ दिया । पहले दिल्ली और फिर राजस्थान पहुँचे । दुर्लभ  शिक्षा के बीज भी साथ साथ मिल रहे थे ,कहने का अर्थ ये कि  मार्गदर्शक तो आपके पास कोई नही था ,स्वयं  अपने अनुभवों से सीखना , ठोकरें खाना ,उठना ,संभलना ये सब केवल दुनिया रूपी पाठशाला ही सीखा सकती है । हाँ जहां तक परम्परागत शिक्षा की बात है तो राजस्थानी मारवाडी  सेठों के प्रति आप बहुत कृतज्ञ हैं क्योंकि उनके द्वारा स्थापित विद्यालयों मे जगूडी जी ने निशुल्क शिक्षा प्राप्त की । संस्कृत का गहन अध्ययन किया। फिर हिन्दी साहित्य में एम. ए .भी किया।  अध्यापक की नौकरी, फिर सेना मे भर्ती होना और फिर सेना से निकलना, कहीं ना कहीं  अस्थिर मन की ओर संकेत करते हैं।  सेना से निकलने का किस्सा भी कम रोचक नहीं है, आपका कोर्ट मार्शल होते- होते बचा, डी .कृष्ण .मेनन जी को आपने एक बेरंग पत्र  लिखा था ,जिसका सारांश था कि साहित्य में  रह के मै देश की ज्यादा  सेवा कर सकता हूँ । मेनन जी के प्रति आप बहुत आभारी हैं। 
           किसी भी  साहित्यकार का साहित्य अलग होता है ,अपने एक विशिष्ट नजरिये या सोच से, इस आलेख मे कोशिश कर रही हूं जगूडी जी के कुछ सिद्धांतों को सम्मुख रखने की क्योंकि इन्हीं  सिद्धांतों ने आपके काव्य को वो दिशा दी है कि पद्म श्री, साहित्य अकादमी जैसे पुरस्कारों से आप सम्मानित हैं। 
       साहित्य सेवा की बात, जो अक्सर सुनायी देती है, उसे नकारते हुए आप कहते हैं कि साहित्य की सेवा नहीं की जा सकती, निर्माण होता है। सेवा तो उसकी की जाती है जो पहले से बना हुआ है, मगर साहित्य निर्माण एक सतत प्रकिया है। 
         नयी कविता व तार सप्तक के प्रमुख हस्ताक्षर इस कवि का वर्तमान रचनाकारों को संदेश  है कि नया समय है, नयी चुनौतियां तो दृष्टि भी नयी चाहिए।  जो रचा जा चुका, अगर वैसा ही सृजन करना है तो नव निर्माण की आवश्यकता ही क्या ? लेखक कभी भी पुराना नहीं होना चाहिए। वर्तमान समय मे यदि हम तुलसी आदि की भाषा मे बात करेंगे तो कितने लोग समझ पायेंगे । साहित्य को अगर साधारण जन तक पहुंचाना है तो उनकी भाषा में ही बात करनी होगी। 
            इलाज तभी होता है जब एक बार 
                   समझ मे आ जाए कि 
                      बीमारी  क्या है 
     मेडिकल कॉलेज की भीड से गुजरते हुए उसे 
          इल्हाम हुआ कि  उसे जो बीमारी है  
उसका  नाम गरीबी है और उसे डॉक्टर नही मिटा सकते ।

अपनी स्वयं की काव्य भाषा के बारे में उनका कहना है  --
     " मै तो सड़कछाप भाषा का प्रयोग करता हूँ ।"

      चीजों के भाव का ,गुंडों के ताव का क्या भरोसा 
              कागज के ताव पर ,नही समाये जो 
                इतनी बड़ी शिकायत लिखाये जो 
        वह भी सोचता है ,कि  गवाह का क्या भरोसा ?
        
आपके लिए कविता मनोरंजन का साधन नहीं वरन समग्र परिदृश्य को चित्रित करने का माध्यम है। चाहे परिवार हो, समाज हो, देश या कि राजनीति, प्रत्येक स्तर पर आपकी पैनी नजर से कुछ नहीं छुपा । आप प्रश्न उठाते हैं, विद्रोह करते हैं क्योंकि आप यथार्थ रचते हैं । विपरीत परिस्थितियों मे भी आशा का दामन नहीं छोड़ते । 

   उदास लोगों  ! यह वज्रपात है 
    इसके बाद तुम्हारे चेहरे पर 
    हिलती हुई इच्छा के अलावा 
     आक्रमण के लिए शेष 
    नही रह जायेगी  दूसरी ज़मीन 

 और कविता एक बयान की तरह है----

मेरी कविता हर उस इनसान का बयान है

जो बंदूकों के गोदाम से अनाज की ख्वाहिश रखता है

मेरी कविता हर उस आँख की दरख्वास्त है

जिसमें आँसू हैं

ये जो हरी घास के टीले हैं

ये जो दरवाजों से सटे हुए हवा के झोंके हैं

ये अब थोड़े दिनों की दास्तान हैं

यहाँ कोई बच्चा

चाहे वह पूरा आदमी ही क्यों न बन जाए

अपने पैरों पर खड़ा नहीं हो सकेगा

पेट के बल नहीं चल सकेगा

कोहनियों और घुटनों के बल भी नहीं

क्योंकि पहली लड़ाई वाले बच्चे

दुनिया की सबसे आखिरी लड़ाई लड़ने वाले हैं ।

         प्रकृति आपके काव्य मे कोमल रुप मे भी है और जिसे हम असौंदर्य कहते हैं उस रुप में भी  । प्रकृति के बारे में भी वो वैज्ञानिक दृष्टिकोण रखते हैं और कहते हैं कि प्रकृति भी  राजनीति करती है। 

       नदियाँ कहीं भी नागरिक नहीं होतीं

      और पानी से ज्यादा कठोर और काटनेवाला

       कोई दूसरा औजार नहीं होता

          अनिश्चितता से ही ऱचनात्मकता की शुरुआत होती है, वो संचालित करती हैं । सीधी सपाट राहें आपको नहीं सुहाती, आपको पसंद हैं मोड़....अनिश्चितता ! 
     भले ही आप कहें कि  आपकी भाषा सड़क छाप है ,मगर भाषा  की जो नींव आपके पास है ,मिलना दुर्लभ है । आप ऐसे कवि  हैं जो भाषा के स्तर पर गहन जानकार ,चिंतक व तर्क सम्मत दृष्टि रखते हैं । आपके पास वो उर्वर  ज़मीन है ज़िससे आपने कई भाषाओं को जडों से थामा हुआ है । कई भाषाओं मे आपने अनुवाद के कार्य किये हैं  ।
जीवन का जो बाह्य स्वरूप  या परिस्थितियां आपके  सम्मुख आयी ,आपने उन्हे  जीया, चिंतन किया और  अपने साहित्य  मे रच दिया ।अपने  अंतरमन को मथ के जो लेखनी  से  उकेरा ,वो व्यापक फलक पर आच्छादित है ,जिसमे शहर का परेशान जीवन भी है तो गाँव की चिंता भी है , इस परिवेश को स्वीकार ना करके आप विद्रोह के लिए ललकारते हैं , स्वाभिमानी  बनने के लिए आवहान करते हैं ...
   उनकी पाखंडी  संगीनें छीनो 
     और दोनों पर निकालकर 
   उनकी घमंडी  आँखों का पानी 
      चिडियों को पिला दो 
क्योंकि एक मामूली चिडिया  को भी 
   हमें अब स्वाभिमानी बनाना है ।
  
आपका  काव्य अराजकता व बडबोलेपन का काव्य नहीं है ,वरन यथार्थ की सापेक्ष संरचना का दर्शन उसमें विद्यमान है। 

कविता संग्रह: 
शंखमुखी शिखरों पर, नाटक जारी है, इस यात्रा में, रात अब भी मौजूद है, बची हुई पृथ्वी, घबराए हुए शब्द, भय भी शक्ति देता है, अनुभव के आकाश में चाँद, महाकाव्य के बिना, ईश्वर की अध्यक्षता में, खबर का मुँह विज्ञापन से ढँका है
नाटक: पाँच बेटे
गद्य: मेरे साक्षात्कार

लीलाधर जगूड़ी को हिंदी साहित्य हेतु विभिन्न पुरस्कारों व सम्मानों से नवाजा गया है, जिनमें प्रमुख हैं:

साहित्य अकादमी पुरस्कार
पद्मश्री सम्मान
रघुवीर सहाय सम्मान
भारतीय भाषा परिषद् शतदल सम्मान
नमित पुरस्कार
आकाशवाणी पुरस्कार

Tuesday, September 11, 2018

कुंठा के युग में अकुंठित कवि : कुँवर नारायण



कुँवर नारायण  ( 19 सितंबर 1927 ---15 नवंबर 2017)
"कविता मूलत : एक जैविक और सांस्कृतिक चेतना है ,ज़िसका विकास सीधी रेखा मे नही होता है | वह बहुदिशात्मक व विवृत्तमूलक ढंग से  सक्रिय रहती है ,दिक्काल मुक्त | "
काव्य के संदर्भ मे ये विचार हैं,आधुनिक काल के कवियों मे किसी भी वाद से रहित पद पर सुशोभित कवि कुंवर नारायण के |
        19 सितम्बर 1927 को एक ऐसे  व्यक्तित्व का आविर्भाव हुआ, जिसने मानवता के मूल्यों को  सींचा | उत्तर प्रदेश के जिला फैजाबाद  मे एक सम्पन्न परिवार  मे आपका जन्म हुआ |माँ और बहन की असमय मृत्यु के बाद लखनऊ मे रहे | आपने इंटर तक विज्ञान विषय से अपनी शिक्षा ग्रहण की ।फिर साहित्य मे रूचि के फलस्वरुप  लखनऊ से अंग्रेजी विषय मे एम .ए . किया । आपने अपने पैतृक व्यवसाय को भी अपनाया , जिसके पीछे मूल भावना  यही रही कि  साहित्य के प्रति  सम्पूर्ण  ईमानदारी  बरती  जा सके ,साहित्य का धन्धा ना करना  पड़े। आपकी छवि मुख्यत : एक कवि के रुप मे प्रसिद्ध रही है ,पर आपने कहानी ,चिंतनपरक व समीक्षात्मक लेख  भी लिखे हैं । आपने अंग्रेजी व हिन्दी दोनों भाषाओं मे सृजन किया । अपने काव्य का अनुवाद भी किया ।
      प्रथम काव्य संग्रह 'चक्रव्यूह ' से  ही आपने सबका ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया । फिर अज्ञेय  द्वारा सम्पादित तृतीय तार सप्तक मे भी अपना एक विशिष्ट स्थान संजोया है । नयी कविता के आंदोलन के दौर मे उसके प्रभाव से  स्वयं को मुक्त रख कर अपनी एक अलग व सशक्त पहचान बनायी ।आपके काव्य मे अपने समकालीन कवियों की तरह ना ही कुंठा है ,ना ही हताशा है ,ना ही आत्मरति  ,वरन आपको अकुंठा  का कवि  कहा जाता है ,आप हताश होकर नफरत करने वाली परिस्थितियों से गुजरे हैं ,मगर नफरत को अपने जीवन मे स्थान नही देते ,आपके ही शब्दों मे.....
एक अजीब सी मुश्किल में हूं इन दिनों-
मेरी भरपूर नफरत कर सकने की ताकत
दिनों-दिन क्षीण पड़ती जा रही है
मुसलमानों से नफ़रत करने चलता
तो सामने ग़ालिब आकर खड़े हो जाते
अब आप ही बताइए किसी की कुछ चलती है
उनके सामने?
अंग्रेजों से नफ़रत करना चाहता
जिन्होंने दो सदी हम पर राज किया
तो शेक्सपियर आड़े आ जाते
जिनके मुझ पर न जाने कितने अहसान हैं
और वह प्रेमिका
जिससे मुझे पहला धोखा हुआ था
मिल जाए तो उसका खून कर दूं!
मिलती भी है, मगर
कभी मित्र, कभी मां, कभी बहन की तरह,
तो प्यार का घूंट पीकर रह जाता ....
दिनोंदिन मेरा ये प्रेम रोग बढता ही जा रहा है
और इस बहम ने पक्की ज़ड़ पकड ली है कि
यह प्रेम मुझे किसी दिन स्वर्ग दिखा कर ही रहेगा
            
             चाहे 'आत्मजयी' का नचिकेता हो या वाजश्रवा ..प्रत्येक साहित्य कर्म मानो तलाश है, जीवन की ,जीवन मूल्यों की ,अपनी सामर्थ्य  को पहचानने की ,विस्तार देने की । आत्मजयी' में  आप मृत्यु संबंधी शाश्वत समस्या को कठोपनिषद का माध्यम बनाकर अद्भुत व्याख्या के साथ हमारे सम्मुख उपस्थित होते हैं ।  वहीं नचिकेता मे एकदम विपरीत  प्रसंग लिए , नचिकेता अपने पिता की आज्ञा  को शिरोधार्य करके यम के द्वार पर चला जाता है, जहाँ वह तीन दिन तक भूखा-प्यासा रहकर यमराज के घर लौटने की प्रतीक्षा करता है। उसकी इस साधना से प्रसन्न होकर यमराज उसे तीन वरदान माँगने की अनुमति देते हैं। नचिकेता इनमें से पहला वरदान यह माँगता है कि उसके पिता वाजश्रवा का क्रोध समाप्त हो जाए। नचिकेता के इसी कथन को आधार बनाकर जो कृति 2008 में आई, 'वाजश्रवा के बहाने', उसमें उन्होंने पिता वाजश्रवा के मन के उद्वेलन को काव्यबद्ध किया है।  जहाँ एक ओर 'आत्मजयी' में कुँवरनारायण जी ने मृत्यु जैसे विषय का  चुना  है, वहीं  'वाजश्रवा के बहाने' कृति में अपनी संवेदना के साथ जीवन के आलोक को रेखांकित किया है।
पत्तों पर पानी गिरने का अर्थ
पानी पर पत्ते गिरने के अर्थ से भिन्न है।
जीवन को पूरी तरह पाने
और पूरी तरह दे जाने के बीच
एक पूरा मृत्यु-चिह्न है।
बाकी कविता
शब्दों से नहीं लिखी जाती,
पूरे अस्तित्व को खींचकर एक विराम की तरह
कहीं भी छोड़ दी जाती है...
सहज शब्द, गहन अर्थ ,यही है उनका रचना कर्म । उनका काव्य, एक अनवरत तलाश है ,विश्वास की ,मानवता के पक्ष मे जुडी आस्थाओं की । परिस्थितियों पर दोषारोपण करना सहज है , स्वविश्लेषण कर  मनुष्य होने की कसौटी पर  खरा उतरना मुश्किल है ,आप इसी मुश्किल  पथ के राही हैं ....
नही ,किसी और ने नही
मैने ही तोड़ दिया है कभी कभी
अपने को झूठे वादे की तरह
यह जानते  हुए भी कि  बार बार
लौटना है मुझे
प्रेम की तरफ
विश्वास बनाये रखना है
मनुष्य मे,
सिद्ध करते रहना है
कि मैं टूटा नही
ऐसे महान व्यक्तित्व को तो मृत्यु भी वरने ही आती है ,तोडने नही ,और  आपको ,आपको तो पुन: आना ही होगा, क्योंकि ....
ठूठ  होने लगी है ,
अपनी ज़मीन से  रस खींच सकने वाली सारी शक्तियां .....
आपको तो आना ही होगा, ताकि फिर से रचे  जा सके वाजश्रवा व नचिकेता  से काव्य, जहाँ बौद्धिकता भी है तो जीवन मूल्य भी ।
अतीत की जडों मे गहरे उतरकर वर्तमान के बीज के लिए रस की बूंदे तलाशनी पड़ती  हैं । बौद्धिकता के समक्ष जीवन मूल्यों का लोप ना हो सके , उतनी सम्नव्यता  तो आपके व्यक्तित्व मे ही लक्षित होती है । वैसे आपसा वृहत्तर , कृतज्ञतर , मनुष्यतर  खोजना मुश्किल है ,मगर फिर भी प्रतीक्षा है आपकी ,आपकी इन्हीं  पंक्तियों के साथ ...
अबकि अगर लौटा तो...
                 वृहत्तर लौटूँगा ,
                         कृतज्ञतर लौटूँगा
                                   मनुष्यतर  लौटूँगा
आपका रचना संसार ----
कविता संग्रह -
चक्रव्यूह (१९५६),
तीसरा सप्तक(१९५९),
परिवेश : हम-तुम(१९६१),
अपने सामने (१९७९),
कोई दूसरा नहीं(१९९३), साहित्य अकादमी पुरस्कार ,व्यास     सम्मान ,भवानी प्रसाद मिश्र पुरस्कार ,शतदल पुरस्कार
इन दिनों(२००२),
कविता के बहाने(१९९३)
खंड काव्य -
आत्मजयी (१९६५) ,हिन्दुस्तान अकादमी पुरस्कार
वाजश्रवा के बहाने (२००८)।
कहानी संग्रह -
आकारों के आसपास (१९७३) ,उत्तर प्रदेश हिन्दी संस्थान का  'प्रेमचन्द  पुरस्कार '
समीक्षा विचार -
आज और आज से पहले(१९९८), मेरे साक्षात्कार (१९९९),
साहित्य के कुछ अन्तर्विषयक संदर्भ (२००३)
युग चेतना ,नया प्रतीक व छायानट  पत्रिकाओं के सम्पादक
मंडल मे शामिल
पुरस्कार /सम्मान --------
कुँवर नारायण को वर्ष 2005 के ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित किया गया। छह अक्टूबर को राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल ने उन्हें देश के सबसे बड़े साहित्यिक सम्मान से सम्मानित किया।
साहित्य अकादमी पुरस्कार, व्यास सम्मान, कुमार आशान पुरस्कार, प्रेमचंद पुरस्कार, राष्ट्रीय कबीर सम्मान, शलाका सम्मान, मेडल ऑफ़ वॉरसा यूनिवर्सिटी, पोलैंड और रोम के अन्तर्राष्ट्रीय प्रीमियो फ़ेरेनिया सम्मान और २००९ में पद्मभूषण सम्मान से सम्मानित किया गया।


दुष्यंत कुमार


दुष्यंत कुमार (1 सितंबर 1933 --30 दिसम्बर 1975 )

हिन्दी के इस प्रथम गजल लेखक के अन्दाज और तेवर पर जाने कितने ही कवि और लेखक फिदा हैं ,उनके व्यक्तित्व  और गजल मे इस तेवर के बारे मे निदा फाजली जी लिखते हैं ....

"उनकी नज़र उनके युग की नई पीढ़ी के ग़ुस्से और नाराज़गी से सजी बनी है। यह ग़ुस्सा और नाराज़गी उस अन्याय और राजनीति के कुकर्मो के ख़िलाफ़ नए तेवरों की आवाज़ थी, जो समाज में मध्यवर्गीय झूठेपन की जगह पिछड़े वर्ग की मेहनत और दया की नुमानंदगी करती है। "

वर्तमान समय मे भी अगर जोश दिलाने के लिये,अत्याचारों के खिलाफ पंक्तियां बोली जाती हैं तो अनायास ही उनकी रचित  पंक्तियां सम्मुख आ जाती हैं ,याद कीजिये 'सत्यमेव जयते ' के शुरुआती गाने को, ज़िसमे अंत मे पंक्तियां आती हैं  --

सिर्फ हंगामा खडा करना मेरा मकसद नही,
सारी कोशिश है कि ये सूरत बदलनी चाहिए

मेरे सीने मे नही तो तेरे सीने मे सही ,
हो कहीं भी आग ,लेकिन आग जलनी चाहिए

 इन पंक्तियों के रचनाकार दुष्यंत कुमार त्यागी ,जिनका जन्म इसी महीने की पहली तारीख को 1933 मे हुआ , उत्तर प्रदेश के बिजनौर  जनपद का राजपुर नावादा गाँव सदा सदा के लिए गर्वित हो गया  इस महान रचनाकार के जन्म से ।उनके पिता श्री भगवतसहाय तथा माता श्रीमती राजकिशोरी थीं । उनकी प्रारम्भिक शिक्षा नहटौर, जनपद-बिजनौर में हुई ।उनके हाई स्कूल की परीक्षा एन॰एस॰एम॰ इन्टर कॉलेज चन्दौसी, जिला-मुरादाबाद से उत्तीर्ण की थी । उनका विवाह सन् 1949 में सहारनपुर जनपद निवासी श्री सूर्यभानु की सुपुत्री राजेश्वरी से हुआ । उन्होंने सन् 1954 में हिन्दी में एम॰ए॰ की उपाधि प्राप्त की ।
         सन् 1958 में आकाशवाणी दिल्ली में पटकथा लेखक के रूप में कार्य करते हुए सहायक निदेशक के पद पर उन्नत होकर सन् 1960 में भोपाल आ गये । साहित्य साधना स्थली भोपाल में 30 दिसम्बर 1975 में मात्र 42 वर्ष की अल्पायु में वे साहित्य जगत् से विदा हो गये ।
       दुष्यन्त कुमार त्यागी समकालीन हिन्दी कविता के एक ऐसे हस्ताक्षर हैं, जिन्होंने कविता, गीति नाट्‌य, उपन्यास आदि सभी विधाओं पर लिखा है । आपके उत्कृष्ट कार्यों को ध्यान मे रखते हुए भारतीय डाक विभाग ने 2009 मे एक डाक टिकट भी जारी किया। जब आपने साहित्य की दुनिया मे प्रवेश किया तो गजलों की दुनिया मे ताज भोपाली व कैफ भोपाली छाये
हुए थे ,ओर दुसरी तरफ अग्येय व मुक्तीबोध जैसे रचनाकार थे ,मगर उन्होने  लीक से हटकर अपनी बात कही ,उनकी  गज़लों ने हिन्दी  गज़ल को नया आयाम दिया । उर्दू गज़लों को नया परिवेश और नयी पहचान देते हुए उसे आम आदमी की संवेदना से जोड़ा ।गजल को पुराने बन्धन से मुक्त करने का श्रेय हिन्दी साहित्य मे आप को ही जाता है ,देखिये गालिब के दौर की गजल को क्या नया चोला उन्होने पहनाया है ...

मै ज़िसे ओढ़ता बिछाता हूँ ,
वो गजल आपको सुनाता हूँ ।

आम आदमी बदहाली में जीने की विवशता का अंकन देखिये ...

न हो तो कमीज तो पांवों से पेट ढक लेंगे,
ये लोग कितने मुनासिब है, इस सफर के लिए ।

आपने सच्चे अर्थों मे एक साहित्यकार की भूमिका अदा की ,फर्ज निभाया ,अपनी कलम व आवाज की ताकत से सरकारी नौकरी पर कार्यरत रहते हुए भी सरकार से सीधे टकराने की हिम्मत की ....

एक गुड़िया की कई कठपुतलियों में जान है,
आज शायर यह तमाशा देखकर हैरान है।

ख़ास सड़कें बंद हैं तब से मरम्मत के लिए,
यह हमारे वक़्त की सबसे सही पहचान है।

कल नुमाइश में मिला वो चीथड़े पहने हुए,
मैंने पूछा नाम तो बोला कि हिन्दुस्तान है।

मुझमें रहते हैं करोड़ों लोग चुप कैसे रहूँ,
हर ग़ज़ल अब सल्तनत के नाम एक बयान है ...

तब का शायर ये कह रहा था ,अगर आज जो वो होते तो क्या कहते या  शायद तभी अपनी दुरंदेशी नजर से पहले ही कह गए ....

अब नयी तहजीब की पेशे नजर हम,
आदमी को भूनकर खाने लगे हैं ।

विनम्र श्रद्धांजली  ,शत शत नमन आपको !

आपकी रचनाये...

इन्होंने 'एक कंठ विषपायी' (काव्य नाटक), 'और मसीहा मर गया' (नाटक), 'सूर्य का स्वागत', 'आवाज़ों के घेरे', 'जलते हुए वन का बसंत', 'छोटे-छोटे सवाल' (उपन्यास), 'आँगन में एक वृक्ष, (उपन्यास), 'दुहरी जिंदगी' (उपन्यास), मन के कोण (लघुकथाएँ), साये में धूप (गजल) और दूसरी गद्य तथा कविता की किताबों का सृजन किया।

कविता  --  कहाँ तो तय था, कैसे मंजर ,खंडहर बचे हुए हैं ,दुहरी जिंदगी,जो शहतीर है ,ज़िंदगानी का कोई मकसद ,मुक्तक आज सड़कों पर लिखे हैं,मत कहो, आकाश में ,धूप के पाँव गुच्छे भर अमलतास ,सूर्य का स्वागत,आवाजों के घेरे ,जलते हुए वन का वसन्त ,आज सड़कों पर,आग जलती रहे,एक आशीर्वाद
आग जलनी चाहिए ,मापदण्ड बदलो ,कहीं पे धूप की चादर ,बाढ़ की संभावनाएँ ,हो गई है पीर पर्वत-सी,तू किसी रेल सी गुज़रती है

काव्य नाटिका--  एक कंठ  विषपायी
नाट्य गजल--और मसीहा मर गया,आवाज़ होनी चाहिए
छोटी कहानियाँ--मन के कोण,कौन कहता है आसमान में
उपन्यास ---छोटे-छोटे सवाल,आँगन में एक वृक्ष,दुहरी जिंदगी
नाट्य --और मसीहा मर गया
गजल --साये में धूप


सारिका आशुतोष मूंदड़ा

Tuesday, November 11, 2014

मै बून्द बून्द बढ़ता रहा,
ख्वाहिशों की मटकी सा,
मै बून्द बून्द रिसता भी रहा
तला मटकी का छलकता ही रहा
बून्द बून्द नमी माटी समोती रही
माटी का था, गल कर ही रहा
सफर में जिंदगी की,
कितने मटके मै बदलता ही रहा
सारिका आशुतोष मूंदड़ा

Wednesday, July 16, 2014

स्वागत में तेरे किन शब्दों का चयन करूँ
दमकती दामिनी में ओझल होता चाँद कहूँ
या कि तेरी आहट पर मोर का थाप चुनूं
प्यासी प्रकृति की मुस्कराहट का आगाज सुनूँ
या इंद्रधनुषी छटाओं में कश्तियों के कुछ ख्वाब बुनूँ
सत्कार में तेरे तुझ पर आ,माटी की महक मलूँ
पंख खोल रही घटाओं की धरती तक उड़ान लिखूँ
गहना अम्बर से पाकर वसुधा का श्रृंगार रचूँ
गूंजता है जो जलतरंगों पर,दिल के वो अल्फाज कहूँ
बंधनों में फंसी आत्मा की,मुक्त होती परवाज़ भरूँ
स्वागत में तेरे किन शब्दों का चयन करूँ............

सारिका आशुतोष मूंदड़ा


Tuesday, July 1, 2014

ये पर,ये घर,ये स्पर्श.............

 उड़ाने तो असीम हैं तुम्हारी,
 कहाँ है मगर तुम्हारे पर.............
 क्या झूला बनती शाखाओं में,
 या खुशबुओं के विसरण में,
 या जलधि से जलद के विस्तार तक
 चहुँ दिशा में पसरे हुए
 या कहीं अत्यंत सूक्ष्म से
 श्वास के आवागमन में
 विरले हैं तुम्हारे पर....................
 ढूंढने से भी मिलते नहीं
 आखिर कहाँ है तुम्हारे घर............
 क्या इस मिटटी से पल्लवित जीवन में
 या जल की सहज,निर्बाध गति में,
 या रोशनी संजोये इस नभ में,
 अनंतता दर्शाते हुए,
 या कहीं संकुचित से
 प्राणो के चेतन-अवचेतन में,
 बहुआयामी हैं तुम्हारे घर................
 आभासी है पर दिखते नहीं
 अदृश्य हैं तुम्हारे स्पर्श.........
 कभी रेतीले बादलों में छुपे हुए,
 कभी सर्दी में दांत किटकिटाते हुए
 कभी माटी की सौंधी खुशबू लुटाते हुए
 हर मौसम में विलीन से
 पर मात्र अनुभवशील से,
 जीवन के लय-विलय में,
 निष्ठुर हैं तुम्हारे स्पर्श.............
 कितने विचित्र हैं 'हवा'.............
 ये पर,ये घर,ये स्पर्श.............
 सर्वव्यापक भी, कभी कैदी भी
 अनंत भी कभी शुन्य भी
 सतत विध्यमान पर अदृश्य भी.
 जैसे तुम हो साक्षात ईश्वर ही.............

 सारिका आशुतोष मूंदड़ा

Sunday, May 11, 2014

माँ

माँ
सुर-ताल भी तुम हो
लयबद्ध शब्द भी तुम हो
आधार गीत हो तुम जीवन का
माँ
रूपों और गुणों की खान हो तुम
बच्ची सी चंचल,कभी सहेली सी हमराज
कभी गुरु सी पथ-प्रदर्शक हो तुम
माँ
कुछ भी शब्द लिखूं,कम ही होगा
तेरे प्यार को बयान कर सके कहीं
कोई ऐसा आखिर कहाँ होगा

सारिका आशुतोष मूंदड़ा