Wednesday, April 12, 2023

 कहानी - विश्वास के अदृश्य पंख ( अभिनव इमरोज में प्रकाशित )


भोर ? ये भोर ही है ना एक-एक कदम जो भोर आगे की ओर बढ़ा रही थी,एक बार तो निशि अवाक सी उसे देखती रह गयी ,अपनी आँखों पर उसे विश्वास  ही नहीं हो पा रहा था अभी कुछ महीनों से ही तो भोर को देखने का लगातार चलता सिलसिला थमा था आज भी जो मिलना हुआ था तो छुट्टी के कारण डॉ. ने जो अलग समय दिया था उसकी बदौलत ,और निशि जो देख रही थी ,यकीं नहीं कर पा रही थी ,मगर मन से एक आवाज मानो बार बार पूछ रही थी कि क्यों,क्यों नहीं हो सकता निशि ?तुमने तो  स्वयं देखा है ,हर्षिता को पल पल भोर के प्रति समर्पित,कोशिश करते हुए ,फिर क्यों नहीं ? तुम्हे चमत्कार लग रहा है न ?  कह लो ,अक्सर ऐसा ही तो कहते हैं सब ,कोई कोई ही समझ पाता है कि करिश्मे यूँ ही नहीं हो जाते रोजाना किये गए प्रयास ही किसी करिश्मे का आकार ग्रहण करते हैं अब उसके अंतर्मन में अपनेआप ही मंथन होने लगा था 

       किसी चलचित्र की भाँति घूम गए बीते चार साल,जब हर्षिता से वो पहली बार मिली थी यहीं इसी जगह पर  इसी जगह माने स्पीच थेरेपिस्ट के यहां ,जहाँ बच्चे बोलने जैसी साधारण प्रक्रिया के लिए जूझते हैं ,उसकी बेटी को भी तो वक्त ने इस सफर के लिए चुना था ,जब और बच्चे मजे से खेलते हैं बोलते हैं और इन बच्चों को नियम से डॉ.के पास जाना होता है ,एक्सरसाइज करवानी होती है ताकि ये भी इन
शब्दों की भाषा बोल सकें और इस आने जाने में होने वाली थकान के बाद पढ़ना या खेलना सब कुछ बड़ा बोझिल सा हो जाता है ,सहज सी दिखने वाकई प्रक्रियाएं अगर असहज हो जाएँ तो कितनी तकलीफ होती है  क्या अजब कि यहाँ पर  हर माँ के चेहरे पर परेशानी दिखे  मगर हर्षिता को इन सालों में बिलकुल अपने नाम के अनुरूप ही पाया था ,हर्ष से परिपूर्ण,बाहरी परिस्थितियां जिसे चुरा नहीं सकती ,यहीं पर उससे जो पहली झलक  मिली  थी ,आज भी ज्यों कि त्यों मानस पटल पर अंकित हैं | चेहरे  पर सौम्य भाव,शांति और किताब पढ़ने में व्यस्त ,किताब भी कोई कहानी,उन्यास आदि नहीं,बच्चों के विकास और मनोवैज्ञानिकता से सम्बंधित  वहां और भी लोग थे ,मगर सबके चेहरे और बातों से सिर्फ परेशानी और निराशा के रंग बिखर रहे थे और ये सबसे अनभिज्ञ अपनी दुनिया में खोयी सी ,ये इतनी अलग कैसे,ये तो तब भी सोचा था न मैंने और स्वयं को एक आश्वासित करता सा उत्तर भी दे डाला था  कम परेशानी होगी इनके बच्चे को  पर इसका उत्तर बहुत शीघ्र ही मेरे सम्मुख आने वाला था |  स्पीच थेरेपी के बारे में ज्यादा जानकारी मुझे थी नहीं ,तो मै सबसे बात करके अपने भीतर की माँ को शायद आश्वस्त कर रही थी जानकारी सहेज कर --आप कब से आ रहे हैं? क्या प्रॉब्लम है? फर्क है या नहीं ? आदि आदि अपने इसी क्रम को आगे बढाते हुए मैं ही हर्षिता  की ओर  उन्मुख थी 
हेल्लो मेरा नाम निशी है 
हाय मेरा नाम हर्षिता  
आप यहाँ किसी के ट्रीटमेंट के लिये. ..
हाँ ,मेरी बेटी भोर 
क्या प्रॉब्लम है उसे ,कब से आ रही हैं ,फर्क है ..?
मैं तीन साल से आ रही हूँ , उसकी बॉडी लो टोन है 
मेरे चेहरे पर नासमझी के भाव देख कर फिर वो बोली लो  टोन मतलब  की वो  खाना चबा नही  सकती,उसे लिक्विड फॉर्म में देना होता है उसकी बॉडी में ताकत नहीं है ,अभी कुछ दिनों  से सेमी सॉलिड  फूड शुरु किया है ,कुछ शब्द बोल रही है अब  (चेहरे पर मुस्कान लिए वो बोली )
फर्क है, थोड़ा वक्त और लगेगा (आश्वस्त भाव उनके चेहरे पर था)
ओ.के.
उन्होंने जो बताया उसे सुन कर मेरी सोच में यही आया कि तीन सालों से आप आ रही हैं और कितना वक्त ...?
 मगर उनके शब्दों और चेहरे पर  जो आशा थी उसने मेरी  प्रश्नवाचक मुद्रा को परे कर दिया |  उनहोने फिर मेरी परी के बारे में पुछा  | फिर वो किताब पढने में और मैं सालों लम्बी थेरपी के विचारों में गुम हो गए |
     ईश्वर कभी कभी बहुत जल्दी उत्तर देता है  मैने जो  ये सोचा था  कि इनकी बेटी को ज्यादा दिक्कत नहीं होगी  उसका उत्तर वैसे तो काफी हद तक मिल ही गया था मगर मानो ईश्वर को मेरा ऐसा सोचना रास नहीं आया था तो जैसे कह रहे हों ले देख इनकी कम परेशानी...
          थेरपी  खत्म होने के बाद जब वो बेटी को बाहर लायी तो झटका  ही तो था वो उसकी गोद में लगभग छ  साल की , दुबली पतली ,आँखों पर बड़ा सा चश्मा लगाए , शरीर  पर कुछ अलग सी जेकेट ,पैरों में कुछ अलग जुते जो घूटनों से थोड़ा नीचे तक बांधे हुए थे उसके शरीर में एक ढ़ीलापन  सा था  हर्षिता  का थोड़ा भी हाथ हिला तो वो झूल जाती थी  कोई नियंत्रण नही था उसकी बॉडी पर, उसका हर्षिता की गोद में वो ऐसे दबकी हुई थी मानो पांच महीने  की हो,एक हाथ गर्दन  पर तो एक कमर  पर उसको संभाले हुए ,वो तो चली गयी मगर एक अजीब सा दर्द मेरे मन में घुल गया था
धीरे धीरे हर्षिता से मिलने का सिलसिला हफ्ते में तीन दिन तय हो गया था ,जितना उसे जानती गयी उतना ही उसके लिए सम्मान बढ़ता गया | कभी किसी सॉफ्टवेयर कंपनी  में काम करती थी मगर बेटी के जन्म के दो साल बाद सब कुछ बदल गया था इनके लिए,कभी किसी बात पर उसने कहा था कि  जब बच्चे स्वस्थ और इंटेलीजेंट होते हैं ,तो वो सबके होते हैं,अगर कोई कमी है तो वो सिर्फ माँ के होते हैं,इस बात से समझ सकती थी मैं की घर में  उसे किसी का सहयोग प्राप्त नहीं था शायद भोर को घर में ख़ुशी से अपनाया नहीं जा रहा था |
            फिर भी  उनकी बातों में एक ही सपना मुझे नज़र आता था की भोर  बोल सके ,अपने पैरों पर खड़ी हो सके ,मेरी परी को इतनी तकलीफ नही थी तो भी मैँ कभी-कभी निराश हो जाती थी फिर उनका इतना विश्वास और सपने देखना ...हैरत में ही डालता था ,भोर एक स्पेशल बच्ची थी ,उसकी इन्द्रिया गर्म ठंडे का ज्ञान  नही कर पाती थी उसे ये ज्ञान  हो इसलिये दो टिफिन  बना कर लाना ,ये भी थेरपी का एक हिस्सा था , ब्रश कराने  से लेकर खाना खिलाना सारे काम हर्षिता खुद कर रही थी , इसके अलावा स्कूल में भोर के साथ बैठना ,फिर थेरपी आना,फिर फिजियोथेरेपी जाना....सुबह से शाम तक घडी की सुइयों जैसे घूमता जीवन....
हर माँ के कुछ सपने होते हैं ,मगर कुदरत कितनी क्रूर होती है कई बार ,अक्सर हार्षिता को देख के  ये विचार आता ,जाने कितने सपने होंगे इसके पर आज चलने और बोलने के दायरे में ही सिमट गए से दिखते थे और ये भी मुझे तो रेगिस्तान में भटकते उस यात्री के से प्रतीत होते जो मृगतृष्णा में भटक रहा हो ,फिर भी हर्षिता को कभी परेशानी से ग्रस्त नही पाया, सिर्फ कर्म करते हुए देखा जिस भोर के शरीर में गुरूत्वाकर्षण के प्रति कोई प्रतिरोध नहीं था ,ज़िसके लिये सीधा बैठना और खड़े होना ही चुनौती से कम नहीं था वो चल सकेगी  ये सिर्फ संशय  को ही जन्म देता था | मगर एक माँ की आँखो में कभी संशय  नहीं था, उसे देख कर कर्म -योगी शब्द के मायने समझ में आते थे ,वो लीन थी अपनी कर्म साधना में ,  निरपेक्ष भाव से  , नकारात्मकता लेश मात्र भी नहीं थी ,थेरपी में जब खाली समय में बाकी लोग चिंता में लीन रहते ,वो अपनी किताबो में ,वो स्वयं  बेहतर और बेहतर और बेहतर बनती जा रही थी अपनी दिशा के करीब और करीब और करीब ..... है ना निशी , उसके अंतस   से ही मानो कोई आवाज गूंज उठी |
          चार सालों की इस साधना की तो तुम ही साक्षी हो तो क्यो ये संशय  ?  ,भोर के कदमों में उसकी माँ का विश्वास ही तो ताकत भर रहा है ,अब सारे संशय  दूर छिटक गए थे और शेष था एक विश्वास कि कोशिश के साथ सकारात्मक  व्यवहार हो  तो सब कुछ हो सकता है | भोर जो कभी लिक्विड फूड पर थी  आज बादाम खा पा रही है, बोलने भी लगी थी हाँ  ...थोड़ा रुक- रुक कर ,पर .....ये खाना ,बोलना एक बहुत बड़ी चुनौती ही थी  जो एक माँ के सतत  व सही दिशा में लिये गए प्रयासों से पार हो गयी |  अब  जब निशी भोर को देख रही थी कदम दर कदम बढते हुए, हर  कदम के  पीछे जो चेहरा उसे दिखायी दे रहा था ,जो सम्पूर्ण आभा से उजागार  था वो सिर्फ माँ शब्द के भाव से दीप्त था |
भोर की हर सफलता निशी में भी कहीं ना कहीं जुगनु सा कुछ  दमकाती ही रही  थी | मगर आज पल-पल सकारात्मक भाव से जीते हुए हर्षिता ने भोर में तो ताकत भरी  ही थी ,अंजाने ही निशी के भीतर  के निराशा के अंधकार को ना केवल मिटा दिया था वरन् अपना यही योगी भाव उसमे भी दीप्त  कर दिया था ,जहां किंचित मात्र  भी हताशा को स्थान नहीं था | अंततः निशि ने समझ लिया था पल-पल करके बीतते इस जीवन में आप अपने लिए तो निश्चित ही कुछ गढ रहे होते हो अनजाने ही शायद किसी के जीवन में रंग भी भर रहे होते हो और अब निशि भी स्वयं के जीवन को इस नए रंग से सराबोर कर हर्षिता को उसकी सफलता की बधाई देने उठ खड़ी हुई |




Saturday, March 13, 2021

मुझमें मीठा तू है ( पुस्तक समीक्षा)

 अगर कुछ मीठा पढने का मन हो तो पढ़िये मायामृग जी का 

 ' मुझमे मीठा  तू है '  , 77 कविताओं का खूबसूरत काव्य संग्रह वाकई  बहुत मीठा है ।  कृतज्ञता, दार्शनिकता के भावों के  रस से अंतरमन सिक्त हो जायेगा । वर्तमान समय मे कृतज्ञता के उदगार विलुप्त प्राय: हो चले हैं । प्रत्येक परिस्थिति के लिए समाज दोषी है , तो रोष ही रोष है ...अगर ऐसे  समय मे अपने परिवेश , प्रकृति रूपी ईश्वर के प्रति उपकृत दृष्टि से सराबोर पुस्तक पढने को मिले तो जिस आनन्द का अनुभव हो तो उसका तो कहना ही क्या ...

        कई वर्षों पूर्व अज्ञेय ने स्व अस्तित्ववाद को वाणी प्रदान की और  उसके महत्व को प्रतिपादित किया था ...क्या अस्तित्व की बात सिर्फ अधिकारों के लिए  है , क्या कर्तव्य का बोध हम विस्मृत कर चुके हैं , अगर  नहीं तो क्या हमने कभी टटोला स्वयं को .... 


     एक बार झांक लो भीतर 

     तुम्हारे पास नहीं है इस कमरे की चाबी 

     कोई जवाब आये तो भीतर से सुनना 


कभी सोचा इस प्रकृति को, इसके प्रति अपने कृतघ्नता पूर्ण व्यवहार को ....क्या कभी क्षमा मांगी ? तो मांगिये  कवि के साथ  क्योंकि क्षमा मांगना राहत देगा । वही चिर-परिचित उपमान मगर अर्थ का एक नया विस्तार ...ऐसा प्रतीत होता है वक्त की सीढियां  चढ कर अब व्यक्ति फुरसत  से नाप रहा है अपना हर कदम,अपनी हर सोच ...तभी तो कभी कह उठते हैं 'क्षमाप्रार्थी हूँ मैं " और कभी  खंगालते हैं अपने बड़े होने के दम्भ  को ....कविता 'मैं बड़ा ' में  तो अहम की पीडा से त्रस्त मानसिकता वाले व्यक्तियों के लिए मानो चिंतन युक्त औषधि ही दे दी है ...

  मुझसे तो बड़े हैं पेड़

  मै तप जाता हूँ ज़रा सी आँच मे 

  उनमें बढती जाती है छांव धूप के तेज होने के साथ 

  भीतर गहरी ठंडक होती तो हो सकता था छांव भर जीना 

..........

   बड़ा होने के लिए होना होता है ....पेड़,

   आसमान  ....धरती और नदी ...


कोई भी  लेखन तभी सार्थक होता है जब पाठक उससे जुड सके और  इस काव्य संग्रह मे कितनी ही बार ये प्रतीत होता है कि स्व मल्यांकन करने जो व्यक्ति बैठा है वो हम स्वयम् हैं , एक  सुनी हुई मगर उपेक्षित भाषा की ओर आप ध्यान खींचते हैं और शब्दावली तो बहुत ही सहज....मगर कब प्रकृति की भाषा आशीष देती हुई और राह सम्मुख रखते हुए गंभीर अर्थ धरने लगती है ,भान नहीं होता ।


भाषा हमेशा सुनी और पढ़ी  नहीं जाती 

छू कर कहा ,उस छोटे पौधे ने 

यह स्पर्श याद रखना ..हरे रहना सदा 

.................................................

हर सहमति एक संभावना है 

संभावना से  भरी है धरती की भाषा 

झुककर छूने से समझ आती है .....


सीमाओं मे बांधना या बंधना अक्सर नकारात्मक प्रतीत होता है ,मगर मनुष्य की सीमायें याद दिलाती एक कविता की पंक्तियां सकारात्मकता की ओर ले जाती हैं । अपनी सीमाओं, हदों को पहचान कर जो परिधि निर्मित होती है ,वो हमें असीम का दर्शन करने के लिए दृष्टि प्रदान करती है ।


आसमान भर फैला था मेरा गर्व ऊँचाईयों को छूने का 

मैने खंगाले सभी मुहावरे

ज़िनमे आसमान से  ऊँचा होने का अर्थ था 

पर आँख की हद से आगे नहीं जा सकता मेरा आकाश ...


सारिका आशुतोष मूंदड़ा

Friday, February 26, 2021

 विधा: फ़िल्म समीक्षा

फ़िल्म : एक रुका हुआ फैंसला


निर्माता ,निर्देशक : बासु चटर्जी 

वर्ष  :1986

संवाद  : रंजीत  कपूर 


कलाकार : दीपक  काजीर  केजरीवाल, अमिताभ  श्रीवास्त्व,    पंकज कपूर, एस . एम . जहीर, सुभाष उदगत, हेमंत मिश्रा, एम .के . रेना, के. के . रेना, अन्नु कपूर, सुब्बिरज ,शेलेन्द्र गोयल ,अजीज कुरेशी  ,सी . डी . सिंधु 


समय : 2:06:09


"एक रुका हुआ फैसला" ,वास्तव मे एक दृष्टि है न्याय को हर कसौटी पर परखने की ,फैसले को रोकने की दृष्टि जब तक कि परिस्थिति के हर पहलू को तौल ना लिया जाए ।

   मूलत : हॉलीवुड फिल्म '12 एंग्री मैन' से  प्रेरित ये फिल्म कई बार मंचित भी हुई है ।फिर बासु चटर्जी ने इस पर फिल्म बनाई। फिल्म की शुरुआत कुछ इस प्रकार होती है ,ज़िसमे जनता मे से 12 लोगों को चुनकर एक ज़िम्मेदारी दी जाती है ,कि  वे पूर्ण मत से एक फैसला करे कि  उन्नीस वर्षीय लड़के ने अपने बाप का कत्ल किया है या नही । इस तरीके  से फैसला लेने का प्रारूप भारतीय न्याय व्यवस्था सम्मत नहीं है ,अत: काल्पनिक है ,मगर फिर भी शुरुआत से ही फिल्म दर्शकों  को बांधने मे पूरी तरह सक्षम है , ज़िज्ञासा बनी रहती है कि  आगे क्या, अब क्या ....?

    ग्यारह सदस्य एकमत से  प्रस्ताव पारित करते हैं बिना समय लिए उसके दोषी होने का ,वहीं एक सदस्य (नंबर 8 , के .के. रेना ) उसे बेकसूरवार कह के सब के गुस्से का तो पात्र बनते ही हैं, और दुविधा ये कि  अपनी बात साबित करने के लिए उनके पास कोई ठोस आधार  भी नही है । बस ये एक कोशिश मात्र है कि  बात की जाए ,विमर्श किया जाए । बाकी सदस्य जहां लड़के की पृष्ठभूमि और गवाहों के आधार पर उसे दोषी साबित करना चाहते हैं ,वहीं नंबर 8 उसकी पृष्ठभूमि को सहानुभूति की नजर से  देखते हैं । निर्णय तब तक नहीं हो सकता ,जब तक सब एकमत ना हों और फिर यही से शुरू होता है तथ्यों के अवलोकन, परिस्थितियों के विश्लेषण का ज़िज्ञासा व कौतूहल पूर्ण सफर ...

     संवाद किसी भी फिल्म मे महत्वपूर्ण भूमिका अदा करते हैं ,इस फिल्म की तो जान ही संवाद हैं ,क्योंकि पूरा फिल्मांकन केवल एक कमरे मे किया गया है ,कत्ल के समय की परिस्थिति ,घर का दृश्य ,गवाहों की भूमिका, चाकू आदि की स्थिति सब संवादों के सहारे ही एक बिंब बनाते हैं ,बस झलक भर ही गवाहों को दिखाया गया है ।

      संक्षेप मे कहा जाए तो कैसे ' एक रुका हुआ फैंसला' एक फैसले तक आता है ,ये देखना बहुत रोचक है ,किसी की जान से ज्यादा फैसला लेने की जल्दी इसलिये  हो कि  'मशाल' फिल्म देखने जाना है ,या इसलिये कि  वो निम्न तबके का है तो दोषी है ही या कोई ओर उसमे अपने बेटे को देखे ....................तो फिर ये सफर केवल इस केस  का सफर नही रह जाता ,वरन मनोविज्ञान ,संवेदना ,तर्क ,न्याय के प्रति पूर्वाग्रह ,दुरूहता, आपसी वैमनस्य कई रास्तों से गुजरने का सफर बन जाता है ।

      सारे कलाकारों ने बहुत अच्छी अदाकारी की है , विशेष तौर पर पंकज कपूर, के . के . रेना और अन्नु कपूर  ने । हॉ,जिनको गाने बहुत पसंद हैं ,वो मायूस हो सकते हैं क्योंकि इस फिल्म  मे एक भी गाना नही है और  वाकई फिल्म  मे गाने के लिए कोई जगह भी नही है । कुल मिलाकर एक बहुत कसी हुई फिल्म  बासु  चटर्जी ने निर्देशित की है । लीक से हटकर कुछ देखने का शौक जिन्हे है, उनको तो ये बहुत ही पसंद आयेगी, और बाकी दर्शकों के लिए भी निश्चय ही एक अच्छा अनुभव। 


सारिका आशुतोष मूंदड़ा

Monday, February 22, 2021

मल्लिका

 

मल्लिका ....मनीषा कुलश्रेष्ठ द्वारा रचित इस उपन्यास के दुसरे संस्करण  में लेखिका ने कहा है कि इसके लिखने के  बाद वो बहुत समय तक कुछ और नहीं लिख पायी , शायद वो 'राईटर्स ब्लाक' की अवस्था में आ गयी थी | उपन्यास को पढकर प्रतीत होता है कि ऐसा होना कोई अचरज की बात भी  नहीं थी | इस उपन्यास को पढ़कर पाठक स्वयं एक अलग परिवेश में पहुँच जाता है | लगभग १६० बरस पीछे ...

उपन्यास जिसके इर्द-गिर्द केन्द्रित है - वो है मल्लिका का  किरदार ,  | मल्लिका का चरित्र वास्तविक है और उनके दूर के भाइयों में बंकिम चन्द्र चटर्जी का नाम भी शामिल है | जिनसे मल्लिका साहित्य के बारे में जानकारी प्राप्त करती रहती हैं , बचपन से ही किताबें पढने की शौक़ीन मल्लिका का गाँव में ये शौक इन्ही चन्द्र भैया के प्रयासों से सफलता प्राप्त करता है | वो एक बाल विधवा हैं | वो बंगाल के मेदिनीपुर के केशोपुर गाँव में कन्या विद्यालय खोलना चाहती हैं , जिसके लिए स्वयं शिक्षा ग्रहण कर रही हैं मल्लिका अपना जीवन गुजारने के नाम पर किसी के भी साथ विवाह नहीं करना चाहती और घर वालों की प्रतिदिन की चर्चा से परेशान हो वो चन्द्र भैया की मदद से काशी आ जाती हैं | काशी में विधवा आश्रम या अकेली विधवा के रहने की कल्पना उस समय भी आसान नहीं थी , लेकिन कुछ जानकारों की मदद से वो ये संभव कर  पायी  | मल्लिका हिंदी सिखने के लिए प्रयासरत थी , उन्हें संस्कृत एवं बांग्ला का ज्ञान भली प्रकार था | ये मल्लिका की किस्मत ही थी कि उनके घर के पास  ही भारतेंदु का घर था – जिन्हें हिंदी साहित्य का पितामह कहा जाता है  | धीरे-धीरे परिचय , फिर हिंदी सिखने का क्रम , फिर काव्य -गोष्ठियों में उनका सम्मिलित होना ...एक ओर है  साहित्यिक यात्रा और और दूसरी ओर है भारतेंदु और मल्लिका का एक दुसरे से बढ़ता जुड़ाव जो कि  भारतेंदु द्वारा संपादित पत्रिकाओं में भी दिखने लगता है -‘हरिश्चन्द्रिका’  भारतेंदु हरिश्चंद्र का हरीश और मल्लिका का ही दूसरा नाम है चंद्रिका | 

मल्लिका ऐतिहासिक दृष्टि से भी अत्यंत मुख्य पात्र के रूप में उभरता है – जिसने सर्वप्रथम भारतेंदु को अनुवाद विधा से परिचित कराया , उन्होंने बांग्ला से हिंदी में उपन्यास अनुदित किये | लेकिन हिंदी साहित्य में मल्लिका को ये श्रेय मिलना अभी शेष है | इस उपन्यास की लेखिका ने नि:संदेह  उस प्राचीन परिवेश को  पाठक के समक्ष उपस्थित करने में सफलता प्राप्त की है | उस समय की जीवन शैली , बंगाली , ब्रज और तत्कालीन भाषा प्रयोग की झलकियाँ , प्रकाश व्यवस्था के लिए लैंप आदि की व्यवस्था , भारतेंदु के जीवन के विविध आयाम , विधवाओं की स्थिति , हमारे समाज में फैले अंध-विश्वास सब कुछ कथानक में  घुल सा  गया है , अनिर्बान के रूप में उस समय देश की आजादी को अपना लक्ष्य बनाने वाले युवाओं  के जीवन के त्याग  और समर्पण को यहाँ देखा जा सकता है | 

 भारतेंदु और मल्लिका की प्रेम कहानी पर आधारित ये उपन्यास वास्तव में एक यात्रा का अनुभव सा कराता है जिसमें आपको भारतीय  नव जागरण का दौर , उपन्यासों की शुरुआत का दौर ,अनुदित उपन्यास, तत्कालीन भारतीय परिवेश , बाल-विवाह जैसी कुरीतियाँ और उनके दुष्परिणाम के दृश्य अनुभूत होंगे | भाषा की वैविध्यता से भरे भारत वर्ष में हिंदी को सम्पूर्ण भारत में स्थापित करने के प्रयास , तत्कालीन लेखकों का अनेक भाषाओँ पर अधिकार एवं भाषा को सिखने की प्रतिबद्धता यहाँ दृष्टिगोचर होती है |  | 

हाँ कुछ प्रश्न फिर अपनी जगह वैसे ही खड़े भी रह जाते  हैं , जिनमे से एक है – महान लेखकों का विरोधाभासी व्यक्तित्व और आचरण | 

हिंदी साहित्य के प्रारंभिक दौर को  लेखों से नहीं बल्कि कहानी के रूप में  अगर पढ़ा जाए तो वो निश्चित ही एक अनूठा व् रोचक अनुभव होगा | लेखिका ने साहित्य से जुडी  उसी कहानी की  यात्रा की ओर अपनी दिशा को साधा है | 


सारिका आशुतोष मूंदडा 

Tuesday, February 9, 2021

जिंदा कहानियां ( शशिकला राय ) पुस्तक विमर्श, संक्षिप्त विचार

 आदरणीया शशिकाला राय द्वारा  लिखित पुस्तक पढ रही थी 

'ज़िन्दा कहानियाँ' ....हाँ ज़िन्दा आज और आने वाले कल की कहानियॉ जो  किसी परी लोक की सैर नहीं करायेगी वरन टटोलेगी हमारी ज़िजीविषा को ,और धिक्कारेगी इसे तुम तकलीफ कहते हो ।

संक्षिप्त मे कहूँ तो इसमे ज़िन्दा दर्दनाक परिस्थितियों से  गुजरते 12 जीते - जागते किरदार हैं ,कुछ नाम है  सिंधु ताई सपकाल ,राजश्री नागरेकर ,सुनीता ताई , नसीमा । इन सब चरित्रों को पढकर ,जानकर  इनके परिवेश  मे झांक कर पता पड़ता है , हमारे भीतर समायी अकूत शक्ति का ,जब खुद का ही जीवन संघर्षों के  दबाव तले सांस लेने को तरस रहा हो तब औरों को जीवन देना... ये अकूत शक्ति ही तो है ,अपनी परिस्थिति के एहसास की उस  नमी ,उस आँच को सहेजना और सोचना कि मै कितनों को इस आग  मे झुलसने से  बचा लूँ , और इस  सब के बीच  लेखिका की लेखनी  पूछती है कुछ सवाल स्वयं  से , इस देश के इज्जतदार  साफ- सुथरे समाज से .....और सच संवेदनाओं ,सहानुभूतियो की चरम  अनुभूति के कृत्य भी आपको लजा  देंगे ,अगर लगता है कि नही... तो पहले  इससे गुजरना  होगा ,देने होंगे उत्तर ..मगर  झुकी होगी पलकें ...धिक्कार रहा होगा मन , टटोलिये कि  कैसा - कैसा हो सकता है जीवन... ? क्या  होती है स्वतंत्रता  या कि अनुमान लगाईये लावनी करती नृत्यांगना के दर्द की भंगिमाओं का.... देखिये कैसी ज़िजीविषा के गर्त से  मेरा भारत पंख फैलाने  की तैयारी  कर रहा है ....

 पैर धंसे है दलदल मे तो क्या ...?

चिन्दि - चिन्दी है वजूद तो क्या ...?

काट दिये हैं पंख मेरे तो क्या ...?

 मै फिर भी उड़ने के स्वप्न देखता  हूँ !


सच वो एक एहसास ही तो है जो सब कुछ है.... जीवन भी और गति भी ......

ज़रूरी है एहसासों मे, 

नमी  और आँच रखना ..

ताकि ख्वाब के बादल ,

साकार करे अस्तित्व अपना 

परखने को अस्तित्व फिर, 

बंजर भूमि पर नजर रखना 

ज़रूरी है एहसासों मे, 

नमी और आँच रखना 


कुछ ऐसी ही हैं ये शख्सियतें ,क्या कर गुजरे उसका भान नही ,मान नही , कितना कुछ बाकी है निगाहें  बस वही पर जाती हैं । धन्यवाद मैम आपको ,ऐसी पुस्तक लिखने के लिए ,जहाँ एक साथ बहुत  कुछ है ...साक्षात्कार, जीवन यात्रा, कहानी ,आपकी विवशता ,कई साहित्यकारों के प्रसंगात्मक संदर्भ ,हमारे राष्ट्र के लिए कई सवाल और साहित्य जगत के लिए खरे  मायनों मे समाज की तस्वीर प्रस्तुत करता एक दस्तावेज ...


सारिका आशुतोष  मूंदड़ा

Saturday, October 24, 2020

दशहरा

 मानव जीवन एक दशहरा, 

छिपा है जैसे भेद सुनहरा 

पंच इन्द्रियां और पंच तत्व 

सकल जीवन के हैं ये 'दशरथ '

समर संपूर्ण जीवन ये चलता ,

'अग्यानी' रावण है पलता,

युक्ति, भक्ति और शक्ति संतुलन, 

फिर निश्चय ही हो 'ग्यान' अवतरण 

आध्यात्म रामायण का ये गहरा 

जो जी ले, हो जाए सुनहरा 

मानव जीवन एक दशहरा 

छिपा कथा में भेद है गहरा.... 

मूल्यांकन

 


त्रेता से  कलि तक आते आते...

सहस्त्रों  फेरे वसुधा ने काटे

बदला काल बदली मानसिकता

स्थितियां पुरातन नए मानदंड 

क्या संभव है .....सम्पूर्ण आंकलन ?

वसुधा भी तो विषधा की संज्ञा हो गयी 

त्रेता से कलि  तक आते आते....

दुष्कृत्य रावण के सराहे  जा रहे,

मर्यादित था रावण ये सोच उपजा रहे,

अक्षम्य कृत्य क्षम्य में परिणीति पा गये

मूल्यांकन पद्धति कितनी  भ्रामक हो गयी !

अतिशोचनीय कलि...... तेरी स्थिति हो गयी

त्रेता से  कलि तक आते  आते....

क्या  दशानन निर्मिति लक्ष्य साधे हैं हम ?

या मन में अब सबके ही कोई रावण ?

कह  मर्यादित उसे स्वयं को हम ,

क्या नहीं चोर बुद्धि सा छलते ? या 

मर्यादित राम स्वनैतिकता से परे

त्रेता  से कलि तक आते आते ....

शोकमग्न थे स्वयं अशोक भी 

धर्म पति का और धर्म राजा का...

व्यथित मनोदशा में भी कैसे ....

सुराज्य की वे नीवें रखते

संतुलन अदम्य वो भूल गए हम ,

त्रेता से कलि तक आते आते....

घाव थे 'सिय'हिय पर माना,

मरहम भी तो सिया का राम बनते

दुश्वार न था पुनर्विवाह उनको,मगर ....

क्यों रच के अश्वमेघ-यज्ञ-भूमिका

वामांगी-पद पर सीता को ही आसीन करते...

त्रेता से कलि तक आते आते ....

भूल  गए इस कथ्य में था क्या ,

था संकेत  मर्यादा का पावित्र्य को,

कि शोभा जीवन-यज्ञ की तुम  ही 

मूल्यांकन  में राम और रावण  के

काश  न भूले  मर्म, काल  

जो थे प्राण रामायण  के....

त्रेता से कलि तक आते आते ....


 सारिका आशुतोष मूंदड़ा

Thursday, October 15, 2020

जो तुम आ जाते एक बार

 महादेवी वर्मा की बहुत खूबसूरत कविता है, इस शीर्षक से....मुझसे बस ऐसे ही कुछ रचित हो गया। कभी - कभी विचार ठहर जाते हैं... आप कुछ लिखना चाहते हैं मगर सब शून्य..... विचारों और कलम की ये शून्यता... दूर हो जाती, जो तुम आ जाते एक बार.. सोचेंगे विचार शून्यता में भी कितना विचार... 🙂🙂

शब्द सारे हुए उपद्रवी 

कलम दिखाए नखरे हजार 

शब्दों को मिलता उल्लास 

जो तुम आ जाते एक बार.... 

अटका हुआ है गीत कोई 

धुन जैसे हो सोई- खोई, 

गान सहज होता साकार 

जो तुम आ जाते एक बार... 



Tuesday, October 13, 2020

रामराज्य

 #रामराज्य का सपना अर्थात एक ऐसे आदर्श की कल्पना , जहाँ हर व्यक्ति के चित्त में मर्यादा का वास हो , स्वआचरण पर पैनी दृष्टि हो , स्वविश्लेष्ण हो | मगर आज हम राम की इसी  भूमि पर राम के आचरण पर प्रश्न खड़ा करते हैं | विशेषकर सीता के परित्याग वाला प्रसंग ..... इसे सम्पूर्ण स्त्री जाति के साथ अन्याय का प्रतीक मान कर तौला जाता है | पता नहीं क्यों मेरे मन में राम के सीता के साथ  व्यवहार को लेकर कभी भी संशयात्मक वृत्ति नहीं रही | जब #आशुतोषराना  जी की किताब #रामराज्य को पढ़ा तो अपने मन के विचारों का दर्पण ही महसूस किया | सीता का परित्याग करते समय राम की विवशता .....उनका अंतर्द्वंद | 

क्यों राम ने मृत्युदंड ना दे दिया धोबी को ? 

क्यों राम सीता के साथ नहीं चले गए ?

राम के ह्रदय में भी ये  विचार आये , मगर उन्होंने वो रास्ता चुना कि सीता की पवित्रता को लेकर उठते प्रश्न सदा  - सदा के लिए समाज में विराम पा गये | 

स्वयं के साथ अन्यायी होकर भी,  सीता को उसके मान के साथ प्रतिष्ठित बनाये रखने वाले राम को समझने के लिए राम की दृष्टि से सोचना होगा | 

वर्तमान परिवेश में जहां तार्किकता और आस्था के द्वन्द विद्यमान है , वहां रामायण को तार्किक शक्ति के साथ , आस्था की धरोहर के रूप में प्रस्तुत करने के लिए, आपको साधुवाद | 

        इस  पुस्तक के सौन्दर्य पक्ष कई है -- प्रत्येक चरित्र का सकारात्मक पक्ष , भाषा सौन्दर्य  , दर्शन शास्त्र , भारतीय संस्कृति के सिद्धांत ...वर्तमान समय के इस संवेदनहीन वातावरण में तो और भी प्रासंगिक |#कैकयी -राम , #सीता- राम , #शूर्पनखा-सीता , #रावण - मंदोदरी , #विभीषण -राम आदि के मध्य संवाद  मंत्रमुग्ध भी करते हैं और चिन्तन की ओर प्रवृत्त भी करते हैं | 

हमारी संस्कृति में शब्दों को  ब्रह्म कहा गया है , क्यों कहते हैं , कितना सही तरीके से इनका प्रयोग करना चाहिए , ये इस उपन्यास की ऐसी निधि है,जिसे पढ़ते समय पाठक अपने ह्रदय में सिर्फ अनुभूत कर सकता है | 

             वे चिंतन पक्ष जो अधिकांशत : विवाद के क्षेत्र में रहते  हैं , उन पर ही यहाँ कलम उकेरी गयी है |

 'कैकयी द्वरा राम को वनवास' इस प्रकरण के आते ही रामायण नया मोड़ तो प्राप्त करती है ही , साथ ही कैकयी का व्यक्तित्व सिर्फ उन दो वचनों में सिमट कर रह जाता है | कैकयी  की एक नयी छवि से मिलना अत्यंत सुखकर होगा |  

राम को ईश्वर , दशरथ- नंदन की छवि में  हमने स्वीकार किया है , मगर राम को विचार के रूप में स्वीकारना अभी शेष है |  राम के विचारों का स्वरूप , जीवन लक्ष्य के प्रति स्पष्टता उनके सम्पूर्ण जीवन में प्रतिबिंबित होते हैं | उन्हीं विचारों का परिचय है -- #कैकयी-राम संवाद | आगे के सारे दृश्य उन विचारों का क्रियान्वयन ... 

सारे प्रसंग अत्यंत सुंदर , जीवन्तता लिए हुए ....सुपर्णा/शूर्पणखा आदि जिन्हें पढकर ही महसूस किया जा सकता है | 

पर  एक अन्य पक्ष जिस पर बात करना चाहूंगी वो है प्राचीन समय का विज्ञान , जिसके लिए सदैव ही ये कहा जाता है , माना जाता है कि वो वर्तमान समय से भी  अधिक उन्नत था|  रामायण में विमान की बात हो  या संजीवनी बूटी का ज्ञान ....इस ओर हमारा ध्यान ले जाते है | #कुम्भकर्ण  के व्यक्तित्व और उसके अंत का चित्रण, में भी विज्ञान के उस रूप के दर्शन  हम कर सकते हैं |

साहित्य का कार्य है - खोते हुए जीवन मूल्यों को बचाने की दिशा में प्रयासरत रहना | जन -जन की आस्था के केन्द्रों पर अगर तर्क, संशय की स्थिति  उत्पन्न करे तो उनके उत्तरों को तर्क से ही दिया जाय , मगर इस सम्पूर्ण प्रक्रिया में ये भी ध्यान रखा जाए कि जो भी रचा जाये , उसमें समाज का उत्थान हो , सकारात्मक दिशा का प्रावधान हो |  इस पुस्तक ने निश्चित रूप से इस कार्य को साकार किया है | 

राम- रावण के मूल्यांकन की बारीकियों को उकेरती इस पुस्तक को पढ़ना अपने भीतर एक #उत्सव को मनाने जैसा है , सही मायनों में #दशहरे का पर्व मनाने जैसा |

Friday, September 25, 2020

 यात्राओं व विद्रोह की अॉच का संगम : लीलाधर जगूडी


"स्वाध्यायस्तप :"
अपनेआप  से सीखना सबसे बड़ी तपस्या है , वही मनुष्य कुछ कर सकता है ,जो जीवन भर विद्यार्थी रहे ,संस्कृताचार्य पाणिनी के इसी आधार वाक्य को अपने जीवन, अपनी काव्य रचनाओं का मूल सिद्धांत मानने वाले लीलाधर जगूडी के जीवन मे विद्रोही प्रवृत्ति ने बड़ी भूमिका निभायी ।
        1 जुलाई 1940 को धंगण गाँव टिहरी ,गढवाल मे पहाडी किसान  परिवार मे भविष्य के साहित्यिक जगत के नवांकुर का प्रादुर्भाव  हुआ। समय ने शायद ऐसा ही सफर चुना था इनके लिए ज़िसमे संघर्षों की यात्रायें थी । पांच वर्ष मे माँ को खोया और फिर पारिवारिक परिस्थितियों व विद्रोही स्वभाववश ग्यारह वर्ष में  आपने घर छोड़ दिया । पहले दिल्ली और फिर राजस्थान पहुँचे । दुर्लभ  शिक्षा के बीज भी साथ साथ मिल रहे थे ,कहने का अर्थ ये कि  मार्गदर्शक तो आपके पास कोई नही था ,स्वयं  अपने अनुभवों से सीखना , ठोकरें खाना ,उठना ,संभलना ये सब केवल दुनिया रूपी पाठशाला ही सीखा सकती है । हाँ जहां तक परम्परागत शिक्षा की बात है तो राजस्थानी मारवाडी  सेठों के प्रति आप बहुत कृतज्ञ हैं क्योंकि उनके द्वारा स्थापित विद्यालयों मे जगूडी जी ने निशुल्क शिक्षा प्राप्त की । संस्कृत का गहन अध्ययन किया। फिर हिन्दी साहित्य में एम. ए .भी किया।  अध्यापक की नौकरी, फिर सेना मे भर्ती होना और फिर सेना से निकलना, कहीं ना कहीं  अस्थिर मन की ओर संकेत करते हैं।  सेना से निकलने का किस्सा भी कम रोचक नहीं है, आपका कोर्ट मार्शल होते- होते बचा, डी .कृष्ण .मेनन जी को आपने एक बेरंग पत्र  लिखा था ,जिसका सारांश था कि साहित्य में  रह के मै देश की ज्यादा  सेवा कर सकता हूँ । मेनन जी के प्रति आप बहुत आभारी हैं। 
           किसी भी  साहित्यकार का साहित्य अलग होता है ,अपने एक विशिष्ट नजरिये या सोच से, इस आलेख मे कोशिश कर रही हूं जगूडी जी के कुछ सिद्धांतों को सम्मुख रखने की क्योंकि इन्हीं  सिद्धांतों ने आपके काव्य को वो दिशा दी है कि पद्म श्री, साहित्य अकादमी जैसे पुरस्कारों से आप सम्मानित हैं। 
       साहित्य सेवा की बात, जो अक्सर सुनायी देती है, उसे नकारते हुए आप कहते हैं कि साहित्य की सेवा नहीं की जा सकती, निर्माण होता है। सेवा तो उसकी की जाती है जो पहले से बना हुआ है, मगर साहित्य निर्माण एक सतत प्रकिया है। 
         नयी कविता व तार सप्तक के प्रमुख हस्ताक्षर इस कवि का वर्तमान रचनाकारों को संदेश  है कि नया समय है, नयी चुनौतियां तो दृष्टि भी नयी चाहिए।  जो रचा जा चुका, अगर वैसा ही सृजन करना है तो नव निर्माण की आवश्यकता ही क्या ? लेखक कभी भी पुराना नहीं होना चाहिए। वर्तमान समय मे यदि हम तुलसी आदि की भाषा मे बात करेंगे तो कितने लोग समझ पायेंगे । साहित्य को अगर साधारण जन तक पहुंचाना है तो उनकी भाषा में ही बात करनी होगी। 
            इलाज तभी होता है जब एक बार 
                   समझ मे आ जाए कि 
                      बीमारी  क्या है 
     मेडिकल कॉलेज की भीड से गुजरते हुए उसे 
          इल्हाम हुआ कि  उसे जो बीमारी है  
उसका  नाम गरीबी है और उसे डॉक्टर नही मिटा सकते ।

अपनी स्वयं की काव्य भाषा के बारे में उनका कहना है  --
     " मै तो सड़कछाप भाषा का प्रयोग करता हूँ ।"

      चीजों के भाव का ,गुंडों के ताव का क्या भरोसा 
              कागज के ताव पर ,नही समाये जो 
                इतनी बड़ी शिकायत लिखाये जो 
        वह भी सोचता है ,कि  गवाह का क्या भरोसा ?
        
आपके लिए कविता मनोरंजन का साधन नहीं वरन समग्र परिदृश्य को चित्रित करने का माध्यम है। चाहे परिवार हो, समाज हो, देश या कि राजनीति, प्रत्येक स्तर पर आपकी पैनी नजर से कुछ नहीं छुपा । आप प्रश्न उठाते हैं, विद्रोह करते हैं क्योंकि आप यथार्थ रचते हैं । विपरीत परिस्थितियों मे भी आशा का दामन नहीं छोड़ते । 

   उदास लोगों  ! यह वज्रपात है 
    इसके बाद तुम्हारे चेहरे पर 
    हिलती हुई इच्छा के अलावा 
     आक्रमण के लिए शेष 
    नही रह जायेगी  दूसरी ज़मीन 

 और कविता एक बयान की तरह है----

मेरी कविता हर उस इनसान का बयान है

जो बंदूकों के गोदाम से अनाज की ख्वाहिश रखता है

मेरी कविता हर उस आँख की दरख्वास्त है

जिसमें आँसू हैं

ये जो हरी घास के टीले हैं

ये जो दरवाजों से सटे हुए हवा के झोंके हैं

ये अब थोड़े दिनों की दास्तान हैं

यहाँ कोई बच्चा

चाहे वह पूरा आदमी ही क्यों न बन जाए

अपने पैरों पर खड़ा नहीं हो सकेगा

पेट के बल नहीं चल सकेगा

कोहनियों और घुटनों के बल भी नहीं

क्योंकि पहली लड़ाई वाले बच्चे

दुनिया की सबसे आखिरी लड़ाई लड़ने वाले हैं ।

         प्रकृति आपके काव्य मे कोमल रुप मे भी है और जिसे हम असौंदर्य कहते हैं उस रुप में भी  । प्रकृति के बारे में भी वो वैज्ञानिक दृष्टिकोण रखते हैं और कहते हैं कि प्रकृति भी  राजनीति करती है। 

       नदियाँ कहीं भी नागरिक नहीं होतीं

      और पानी से ज्यादा कठोर और काटनेवाला

       कोई दूसरा औजार नहीं होता

          अनिश्चितता से ही ऱचनात्मकता की शुरुआत होती है, वो संचालित करती हैं । सीधी सपाट राहें आपको नहीं सुहाती, आपको पसंद हैं मोड़....अनिश्चितता ! 
     भले ही आप कहें कि  आपकी भाषा सड़क छाप है ,मगर भाषा  की जो नींव आपके पास है ,मिलना दुर्लभ है । आप ऐसे कवि  हैं जो भाषा के स्तर पर गहन जानकार ,चिंतक व तर्क सम्मत दृष्टि रखते हैं । आपके पास वो उर्वर  ज़मीन है ज़िससे आपने कई भाषाओं को जडों से थामा हुआ है । कई भाषाओं मे आपने अनुवाद के कार्य किये हैं  ।
जीवन का जो बाह्य स्वरूप  या परिस्थितियां आपके  सम्मुख आयी ,आपने उन्हे  जीया, चिंतन किया और  अपने साहित्य  मे रच दिया ।अपने  अंतरमन को मथ के जो लेखनी  से  उकेरा ,वो व्यापक फलक पर आच्छादित है ,जिसमे शहर का परेशान जीवन भी है तो गाँव की चिंता भी है , इस परिवेश को स्वीकार ना करके आप विद्रोह के लिए ललकारते हैं , स्वाभिमानी  बनने के लिए आवहान करते हैं ...
   उनकी पाखंडी  संगीनें छीनो 
     और दोनों पर निकालकर 
   उनकी घमंडी  आँखों का पानी 
      चिडियों को पिला दो 
क्योंकि एक मामूली चिडिया  को भी 
   हमें अब स्वाभिमानी बनाना है ।
  
आपका  काव्य अराजकता व बडबोलेपन का काव्य नहीं है ,वरन यथार्थ की सापेक्ष संरचना का दर्शन उसमें विद्यमान है। 

कविता संग्रह: 
शंखमुखी शिखरों पर, नाटक जारी है, इस यात्रा में, रात अब भी मौजूद है, बची हुई पृथ्वी, घबराए हुए शब्द, भय भी शक्ति देता है, अनुभव के आकाश में चाँद, महाकाव्य के बिना, ईश्वर की अध्यक्षता में, खबर का मुँह विज्ञापन से ढँका है
नाटक: पाँच बेटे
गद्य: मेरे साक्षात्कार

लीलाधर जगूड़ी को हिंदी साहित्य हेतु विभिन्न पुरस्कारों व सम्मानों से नवाजा गया है, जिनमें प्रमुख हैं:

साहित्य अकादमी पुरस्कार
पद्मश्री सम्मान
रघुवीर सहाय सम्मान
भारतीय भाषा परिषद् शतदल सम्मान
नमित पुरस्कार
आकाशवाणी पुरस्कार

Tuesday, September 11, 2018

कुंठा के युग में अकुंठित कवि : कुँवर नारायण



कुँवर नारायण  ( 19 सितंबर 1927 ---15 नवंबर 2017)
"कविता मूलत : एक जैविक और सांस्कृतिक चेतना है ,ज़िसका विकास सीधी रेखा मे नही होता है | वह बहुदिशात्मक व विवृत्तमूलक ढंग से  सक्रिय रहती है ,दिक्काल मुक्त | "
काव्य के संदर्भ मे ये विचार हैं,आधुनिक काल के कवियों मे किसी भी वाद से रहित पद पर सुशोभित कवि कुंवर नारायण के |
        19 सितम्बर 1927 को एक ऐसे  व्यक्तित्व का आविर्भाव हुआ, जिसने मानवता के मूल्यों को  सींचा | उत्तर प्रदेश के जिला फैजाबाद  मे एक सम्पन्न परिवार  मे आपका जन्म हुआ |माँ और बहन की असमय मृत्यु के बाद लखनऊ मे रहे | आपने इंटर तक विज्ञान विषय से अपनी शिक्षा ग्रहण की ।फिर साहित्य मे रूचि के फलस्वरुप  लखनऊ से अंग्रेजी विषय मे एम .ए . किया । आपने अपने पैतृक व्यवसाय को भी अपनाया , जिसके पीछे मूल भावना  यही रही कि  साहित्य के प्रति  सम्पूर्ण  ईमानदारी  बरती  जा सके ,साहित्य का धन्धा ना करना  पड़े। आपकी छवि मुख्यत : एक कवि के रुप मे प्रसिद्ध रही है ,पर आपने कहानी ,चिंतनपरक व समीक्षात्मक लेख  भी लिखे हैं । आपने अंग्रेजी व हिन्दी दोनों भाषाओं मे सृजन किया । अपने काव्य का अनुवाद भी किया ।
      प्रथम काव्य संग्रह 'चक्रव्यूह ' से  ही आपने सबका ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया । फिर अज्ञेय  द्वारा सम्पादित तृतीय तार सप्तक मे भी अपना एक विशिष्ट स्थान संजोया है । नयी कविता के आंदोलन के दौर मे उसके प्रभाव से  स्वयं को मुक्त रख कर अपनी एक अलग व सशक्त पहचान बनायी ।आपके काव्य मे अपने समकालीन कवियों की तरह ना ही कुंठा है ,ना ही हताशा है ,ना ही आत्मरति  ,वरन आपको अकुंठा  का कवि  कहा जाता है ,आप हताश होकर नफरत करने वाली परिस्थितियों से गुजरे हैं ,मगर नफरत को अपने जीवन मे स्थान नही देते ,आपके ही शब्दों मे.....
एक अजीब सी मुश्किल में हूं इन दिनों-
मेरी भरपूर नफरत कर सकने की ताकत
दिनों-दिन क्षीण पड़ती जा रही है
मुसलमानों से नफ़रत करने चलता
तो सामने ग़ालिब आकर खड़े हो जाते
अब आप ही बताइए किसी की कुछ चलती है
उनके सामने?
अंग्रेजों से नफ़रत करना चाहता
जिन्होंने दो सदी हम पर राज किया
तो शेक्सपियर आड़े आ जाते
जिनके मुझ पर न जाने कितने अहसान हैं
और वह प्रेमिका
जिससे मुझे पहला धोखा हुआ था
मिल जाए तो उसका खून कर दूं!
मिलती भी है, मगर
कभी मित्र, कभी मां, कभी बहन की तरह,
तो प्यार का घूंट पीकर रह जाता ....
दिनोंदिन मेरा ये प्रेम रोग बढता ही जा रहा है
और इस बहम ने पक्की ज़ड़ पकड ली है कि
यह प्रेम मुझे किसी दिन स्वर्ग दिखा कर ही रहेगा
            
             चाहे 'आत्मजयी' का नचिकेता हो या वाजश्रवा ..प्रत्येक साहित्य कर्म मानो तलाश है, जीवन की ,जीवन मूल्यों की ,अपनी सामर्थ्य  को पहचानने की ,विस्तार देने की । आत्मजयी' में  आप मृत्यु संबंधी शाश्वत समस्या को कठोपनिषद का माध्यम बनाकर अद्भुत व्याख्या के साथ हमारे सम्मुख उपस्थित होते हैं ।  वहीं नचिकेता मे एकदम विपरीत  प्रसंग लिए , नचिकेता अपने पिता की आज्ञा  को शिरोधार्य करके यम के द्वार पर चला जाता है, जहाँ वह तीन दिन तक भूखा-प्यासा रहकर यमराज के घर लौटने की प्रतीक्षा करता है। उसकी इस साधना से प्रसन्न होकर यमराज उसे तीन वरदान माँगने की अनुमति देते हैं। नचिकेता इनमें से पहला वरदान यह माँगता है कि उसके पिता वाजश्रवा का क्रोध समाप्त हो जाए। नचिकेता के इसी कथन को आधार बनाकर जो कृति 2008 में आई, 'वाजश्रवा के बहाने', उसमें उन्होंने पिता वाजश्रवा के मन के उद्वेलन को काव्यबद्ध किया है।  जहाँ एक ओर 'आत्मजयी' में कुँवरनारायण जी ने मृत्यु जैसे विषय का  चुना  है, वहीं  'वाजश्रवा के बहाने' कृति में अपनी संवेदना के साथ जीवन के आलोक को रेखांकित किया है।
पत्तों पर पानी गिरने का अर्थ
पानी पर पत्ते गिरने के अर्थ से भिन्न है।
जीवन को पूरी तरह पाने
और पूरी तरह दे जाने के बीच
एक पूरा मृत्यु-चिह्न है।
बाकी कविता
शब्दों से नहीं लिखी जाती,
पूरे अस्तित्व को खींचकर एक विराम की तरह
कहीं भी छोड़ दी जाती है...
सहज शब्द, गहन अर्थ ,यही है उनका रचना कर्म । उनका काव्य, एक अनवरत तलाश है ,विश्वास की ,मानवता के पक्ष मे जुडी आस्थाओं की । परिस्थितियों पर दोषारोपण करना सहज है , स्वविश्लेषण कर  मनुष्य होने की कसौटी पर  खरा उतरना मुश्किल है ,आप इसी मुश्किल  पथ के राही हैं ....
नही ,किसी और ने नही
मैने ही तोड़ दिया है कभी कभी
अपने को झूठे वादे की तरह
यह जानते  हुए भी कि  बार बार
लौटना है मुझे
प्रेम की तरफ
विश्वास बनाये रखना है
मनुष्य मे,
सिद्ध करते रहना है
कि मैं टूटा नही
ऐसे महान व्यक्तित्व को तो मृत्यु भी वरने ही आती है ,तोडने नही ,और  आपको ,आपको तो पुन: आना ही होगा, क्योंकि ....
ठूठ  होने लगी है ,
अपनी ज़मीन से  रस खींच सकने वाली सारी शक्तियां .....
आपको तो आना ही होगा, ताकि फिर से रचे  जा सके वाजश्रवा व नचिकेता  से काव्य, जहाँ बौद्धिकता भी है तो जीवन मूल्य भी ।
अतीत की जडों मे गहरे उतरकर वर्तमान के बीज के लिए रस की बूंदे तलाशनी पड़ती  हैं । बौद्धिकता के समक्ष जीवन मूल्यों का लोप ना हो सके , उतनी सम्नव्यता  तो आपके व्यक्तित्व मे ही लक्षित होती है । वैसे आपसा वृहत्तर , कृतज्ञतर , मनुष्यतर  खोजना मुश्किल है ,मगर फिर भी प्रतीक्षा है आपकी ,आपकी इन्हीं  पंक्तियों के साथ ...
अबकि अगर लौटा तो...
                 वृहत्तर लौटूँगा ,
                         कृतज्ञतर लौटूँगा
                                   मनुष्यतर  लौटूँगा
आपका रचना संसार ----
कविता संग्रह -
चक्रव्यूह (१९५६),
तीसरा सप्तक(१९५९),
परिवेश : हम-तुम(१९६१),
अपने सामने (१९७९),
कोई दूसरा नहीं(१९९३), साहित्य अकादमी पुरस्कार ,व्यास     सम्मान ,भवानी प्रसाद मिश्र पुरस्कार ,शतदल पुरस्कार
इन दिनों(२००२),
कविता के बहाने(१९९३)
खंड काव्य -
आत्मजयी (१९६५) ,हिन्दुस्तान अकादमी पुरस्कार
वाजश्रवा के बहाने (२००८)।
कहानी संग्रह -
आकारों के आसपास (१९७३) ,उत्तर प्रदेश हिन्दी संस्थान का  'प्रेमचन्द  पुरस्कार '
समीक्षा विचार -
आज और आज से पहले(१९९८), मेरे साक्षात्कार (१९९९),
साहित्य के कुछ अन्तर्विषयक संदर्भ (२००३)
युग चेतना ,नया प्रतीक व छायानट  पत्रिकाओं के सम्पादक
मंडल मे शामिल
पुरस्कार /सम्मान --------
कुँवर नारायण को वर्ष 2005 के ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित किया गया। छह अक्टूबर को राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल ने उन्हें देश के सबसे बड़े साहित्यिक सम्मान से सम्मानित किया।
साहित्य अकादमी पुरस्कार, व्यास सम्मान, कुमार आशान पुरस्कार, प्रेमचंद पुरस्कार, राष्ट्रीय कबीर सम्मान, शलाका सम्मान, मेडल ऑफ़ वॉरसा यूनिवर्सिटी, पोलैंड और रोम के अन्तर्राष्ट्रीय प्रीमियो फ़ेरेनिया सम्मान और २००९ में पद्मभूषण सम्मान से सम्मानित किया गया।


दुष्यंत कुमार


दुष्यंत कुमार (1 सितंबर 1933 --30 दिसम्बर 1975 )

हिन्दी के इस प्रथम गजल लेखक के अन्दाज और तेवर पर जाने कितने ही कवि और लेखक फिदा हैं ,उनके व्यक्तित्व  और गजल मे इस तेवर के बारे मे निदा फाजली जी लिखते हैं ....

"उनकी नज़र उनके युग की नई पीढ़ी के ग़ुस्से और नाराज़गी से सजी बनी है। यह ग़ुस्सा और नाराज़गी उस अन्याय और राजनीति के कुकर्मो के ख़िलाफ़ नए तेवरों की आवाज़ थी, जो समाज में मध्यवर्गीय झूठेपन की जगह पिछड़े वर्ग की मेहनत और दया की नुमानंदगी करती है। "

वर्तमान समय मे भी अगर जोश दिलाने के लिये,अत्याचारों के खिलाफ पंक्तियां बोली जाती हैं तो अनायास ही उनकी रचित  पंक्तियां सम्मुख आ जाती हैं ,याद कीजिये 'सत्यमेव जयते ' के शुरुआती गाने को, ज़िसमे अंत मे पंक्तियां आती हैं  --

सिर्फ हंगामा खडा करना मेरा मकसद नही,
सारी कोशिश है कि ये सूरत बदलनी चाहिए

मेरे सीने मे नही तो तेरे सीने मे सही ,
हो कहीं भी आग ,लेकिन आग जलनी चाहिए

 इन पंक्तियों के रचनाकार दुष्यंत कुमार त्यागी ,जिनका जन्म इसी महीने की पहली तारीख को 1933 मे हुआ , उत्तर प्रदेश के बिजनौर  जनपद का राजपुर नावादा गाँव सदा सदा के लिए गर्वित हो गया  इस महान रचनाकार के जन्म से ।उनके पिता श्री भगवतसहाय तथा माता श्रीमती राजकिशोरी थीं । उनकी प्रारम्भिक शिक्षा नहटौर, जनपद-बिजनौर में हुई ।उनके हाई स्कूल की परीक्षा एन॰एस॰एम॰ इन्टर कॉलेज चन्दौसी, जिला-मुरादाबाद से उत्तीर्ण की थी । उनका विवाह सन् 1949 में सहारनपुर जनपद निवासी श्री सूर्यभानु की सुपुत्री राजेश्वरी से हुआ । उन्होंने सन् 1954 में हिन्दी में एम॰ए॰ की उपाधि प्राप्त की ।
         सन् 1958 में आकाशवाणी दिल्ली में पटकथा लेखक के रूप में कार्य करते हुए सहायक निदेशक के पद पर उन्नत होकर सन् 1960 में भोपाल आ गये । साहित्य साधना स्थली भोपाल में 30 दिसम्बर 1975 में मात्र 42 वर्ष की अल्पायु में वे साहित्य जगत् से विदा हो गये ।
       दुष्यन्त कुमार त्यागी समकालीन हिन्दी कविता के एक ऐसे हस्ताक्षर हैं, जिन्होंने कविता, गीति नाट्‌य, उपन्यास आदि सभी विधाओं पर लिखा है । आपके उत्कृष्ट कार्यों को ध्यान मे रखते हुए भारतीय डाक विभाग ने 2009 मे एक डाक टिकट भी जारी किया। जब आपने साहित्य की दुनिया मे प्रवेश किया तो गजलों की दुनिया मे ताज भोपाली व कैफ भोपाली छाये
हुए थे ,ओर दुसरी तरफ अग्येय व मुक्तीबोध जैसे रचनाकार थे ,मगर उन्होने  लीक से हटकर अपनी बात कही ,उनकी  गज़लों ने हिन्दी  गज़ल को नया आयाम दिया । उर्दू गज़लों को नया परिवेश और नयी पहचान देते हुए उसे आम आदमी की संवेदना से जोड़ा ।गजल को पुराने बन्धन से मुक्त करने का श्रेय हिन्दी साहित्य मे आप को ही जाता है ,देखिये गालिब के दौर की गजल को क्या नया चोला उन्होने पहनाया है ...

मै ज़िसे ओढ़ता बिछाता हूँ ,
वो गजल आपको सुनाता हूँ ।

आम आदमी बदहाली में जीने की विवशता का अंकन देखिये ...

न हो तो कमीज तो पांवों से पेट ढक लेंगे,
ये लोग कितने मुनासिब है, इस सफर के लिए ।

आपने सच्चे अर्थों मे एक साहित्यकार की भूमिका अदा की ,फर्ज निभाया ,अपनी कलम व आवाज की ताकत से सरकारी नौकरी पर कार्यरत रहते हुए भी सरकार से सीधे टकराने की हिम्मत की ....

एक गुड़िया की कई कठपुतलियों में जान है,
आज शायर यह तमाशा देखकर हैरान है।

ख़ास सड़कें बंद हैं तब से मरम्मत के लिए,
यह हमारे वक़्त की सबसे सही पहचान है।

कल नुमाइश में मिला वो चीथड़े पहने हुए,
मैंने पूछा नाम तो बोला कि हिन्दुस्तान है।

मुझमें रहते हैं करोड़ों लोग चुप कैसे रहूँ,
हर ग़ज़ल अब सल्तनत के नाम एक बयान है ...

तब का शायर ये कह रहा था ,अगर आज जो वो होते तो क्या कहते या  शायद तभी अपनी दुरंदेशी नजर से पहले ही कह गए ....

अब नयी तहजीब की पेशे नजर हम,
आदमी को भूनकर खाने लगे हैं ।

विनम्र श्रद्धांजली  ,शत शत नमन आपको !

आपकी रचनाये...

इन्होंने 'एक कंठ विषपायी' (काव्य नाटक), 'और मसीहा मर गया' (नाटक), 'सूर्य का स्वागत', 'आवाज़ों के घेरे', 'जलते हुए वन का बसंत', 'छोटे-छोटे सवाल' (उपन्यास), 'आँगन में एक वृक्ष, (उपन्यास), 'दुहरी जिंदगी' (उपन्यास), मन के कोण (लघुकथाएँ), साये में धूप (गजल) और दूसरी गद्य तथा कविता की किताबों का सृजन किया।

कविता  --  कहाँ तो तय था, कैसे मंजर ,खंडहर बचे हुए हैं ,दुहरी जिंदगी,जो शहतीर है ,ज़िंदगानी का कोई मकसद ,मुक्तक आज सड़कों पर लिखे हैं,मत कहो, आकाश में ,धूप के पाँव गुच्छे भर अमलतास ,सूर्य का स्वागत,आवाजों के घेरे ,जलते हुए वन का वसन्त ,आज सड़कों पर,आग जलती रहे,एक आशीर्वाद
आग जलनी चाहिए ,मापदण्ड बदलो ,कहीं पे धूप की चादर ,बाढ़ की संभावनाएँ ,हो गई है पीर पर्वत-सी,तू किसी रेल सी गुज़रती है

काव्य नाटिका--  एक कंठ  विषपायी
नाट्य गजल--और मसीहा मर गया,आवाज़ होनी चाहिए
छोटी कहानियाँ--मन के कोण,कौन कहता है आसमान में
उपन्यास ---छोटे-छोटे सवाल,आँगन में एक वृक्ष,दुहरी जिंदगी
नाट्य --और मसीहा मर गया
गजल --साये में धूप


सारिका आशुतोष मूंदड़ा

Tuesday, November 11, 2014

मै बून्द बून्द बढ़ता रहा,
ख्वाहिशों की मटकी सा,
मै बून्द बून्द रिसता भी रहा
तला मटकी का छलकता ही रहा
बून्द बून्द नमी माटी समोती रही
माटी का था, गल कर ही रहा
सफर में जिंदगी की,
कितने मटके मै बदलता ही रहा
सारिका आशुतोष मूंदड़ा

Wednesday, July 16, 2014

स्वागत में तेरे किन शब्दों का चयन करूँ
दमकती दामिनी में ओझल होता चाँद कहूँ
या कि तेरी आहट पर मोर का थाप चुनूं
प्यासी प्रकृति की मुस्कराहट का आगाज सुनूँ
या इंद्रधनुषी छटाओं में कश्तियों के कुछ ख्वाब बुनूँ
सत्कार में तेरे तुझ पर आ,माटी की महक मलूँ
पंख खोल रही घटाओं की धरती तक उड़ान लिखूँ
गहना अम्बर से पाकर वसुधा का श्रृंगार रचूँ
गूंजता है जो जलतरंगों पर,दिल के वो अल्फाज कहूँ
बंधनों में फंसी आत्मा की,मुक्त होती परवाज़ भरूँ
स्वागत में तेरे किन शब्दों का चयन करूँ............

सारिका आशुतोष मूंदड़ा


Tuesday, July 1, 2014

ये पर,ये घर,ये स्पर्श.............

 उड़ाने तो असीम हैं तुम्हारी,
 कहाँ है मगर तुम्हारे पर.............
 क्या झूला बनती शाखाओं में,
 या खुशबुओं के विसरण में,
 या जलधि से जलद के विस्तार तक
 चहुँ दिशा में पसरे हुए
 या कहीं अत्यंत सूक्ष्म से
 श्वास के आवागमन में
 विरले हैं तुम्हारे पर....................
 ढूंढने से भी मिलते नहीं
 आखिर कहाँ है तुम्हारे घर............
 क्या इस मिटटी से पल्लवित जीवन में
 या जल की सहज,निर्बाध गति में,
 या रोशनी संजोये इस नभ में,
 अनंतता दर्शाते हुए,
 या कहीं संकुचित से
 प्राणो के चेतन-अवचेतन में,
 बहुआयामी हैं तुम्हारे घर................
 आभासी है पर दिखते नहीं
 अदृश्य हैं तुम्हारे स्पर्श.........
 कभी रेतीले बादलों में छुपे हुए,
 कभी सर्दी में दांत किटकिटाते हुए
 कभी माटी की सौंधी खुशबू लुटाते हुए
 हर मौसम में विलीन से
 पर मात्र अनुभवशील से,
 जीवन के लय-विलय में,
 निष्ठुर हैं तुम्हारे स्पर्श.............
 कितने विचित्र हैं 'हवा'.............
 ये पर,ये घर,ये स्पर्श.............
 सर्वव्यापक भी, कभी कैदी भी
 अनंत भी कभी शुन्य भी
 सतत विध्यमान पर अदृश्य भी.
 जैसे तुम हो साक्षात ईश्वर ही.............

 सारिका आशुतोष मूंदड़ा

Sunday, May 11, 2014

माँ

माँ
सुर-ताल भी तुम हो
लयबद्ध शब्द भी तुम हो
आधार गीत हो तुम जीवन का
माँ
रूपों और गुणों की खान हो तुम
बच्ची सी चंचल,कभी सहेली सी हमराज
कभी गुरु सी पथ-प्रदर्शक हो तुम
माँ
कुछ भी शब्द लिखूं,कम ही होगा
तेरे प्यार को बयान कर सके कहीं
कोई ऐसा आखिर कहाँ होगा

सारिका आशुतोष मूंदड़ा

Friday, April 18, 2014

यूँ लगता है अब...........














जाने कितने एहसासों में,
खिलता है ये जीवन
इन भावनाओं के पुष्पों में
तुम्हारी सुगंध का ये कैसा रिश्ता है...........
कभी संवरती,कभी बिखरती
इस अविरल यात्रा में,
तुमसे शायद
मुस्कान और दर्द का रिश्ता है
आशा-निराशा के भंवर में,
जब झूलती है नैय्या
तब तुमसे शायद ,
उम्मीद के तिनकों का रिश्ता है
कभी देखा नहीं तुम्हे,
और एक छवि सी उभरी है
मन के नैनों का, तुम पर........
विशवास का ये, कैसा अजब सा रिश्ता है
नक़्शे तो सब अधूरे से,
तुम तक आती राहों के,
यूँ लगता है अब,
हर दिशा का बस तुमसे रिश्ता है

सारिका आशुतोष मूंदड़ा

Saturday, April 5, 2014

जीवन २ .................

असंख्य,अद्वितीय किरदार युक्त कथा
हर शक्ल जुदा,हर शख्सियत जुदा
हर किरदार कथा कहता सा.......
आस्तिक-नास्तिक,संस्कार,विश्वास,
सुख-दुःख,मान-अपमान,
उड़ानों और सीमाओं की
स्वपरिभाषा गढ़ते हुए..................
क्रोध,तृष्णा,जलन पिपासा
दया,क्षमा,मोह ममता
प्यार, नफरत,आशा-निराशा
जाने कितने बंधनों में जकड़े हुए.............
कर्मफल -बीज को अंकुरित करते हुए
प्रति पल कुछ पाते हुए,कुछ खोते हुए
सबकी अपनी यात्रा
अपना-अपना सफ़र,मगर............
मगर,एक ही मंजिल पर बढ़ते हुए
निज अस्तित्व की कहानी रचते हुए
अनुभव-यात्रा समापन कर शुन्य से एकाकार होते हुए
                                             
                                                  [ लगातार ]
सारिका आशुतोष मूंदड़ा

Thursday, April 3, 2014

जीवन.............

दुनिया..........
जिंदगी.........
जीवन................एक सिनेमा
एक या अनेक .............
रोचक या नीरस
कैसी कहानी
या कितनी कहानियाँ लिखी है
कथाकार ने............
और क्या ये  सब मिल कर
कहीं फिर,
निर्मित हो रही एक नयी कहानी
ना उत्पत्ति का पता
न अंत का........
विलीनता भी है आगमन भी
दुःख भी,उल्लास भी
कई रोचक घटनाक्रम भी
सतत प्रवाहमान कथा...............

                         [लगातार ..].
सारिका आशुतोष मूंदड़ा